प्रतिभाओं को मिलेगा मैदान, मेहनत को मिलेगी नई पहचान :सूरजपुर में 25 अक्टूबर से जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर
सूरजपुर। खेल के मैदान में अपनी मेहनत, लगन और हुनर के दम पर पहचान बनाने का सपना देखने वाले जिले के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से सूरजपुर एमेच्योर वॉलीबॉल एसोसिएशन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। ग्राम लक्ष्मीपुर स्थित खेल मैदान में 25 से 27 अक्टूबर 2026 तक होने वाली इस प्रतियोगिता में जिले की महिला एवं पुरुष टीमें हिस्सा लेंगी। बहरहाल यह आयोजन केवल जीत और हार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उन खिलाड़ियों के लिए भी उम्मीद का नया रास्ता खोलेगा, जिनकी प्रतिभा अब तक सीमित संसाधनों और अवसरों के अभाव में आगे नहीं बढ़ सकी है। प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और बड़े मंच तक पहुंचने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन रायगढ़ में 12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। वहां बेहतर खेल दिखाने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिल सकता है।
प्रतिभा की कमी नहीं, जरूरत है सही अवसर की
सूरजपुर एमेच्योर वॉलीबॉल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अजय गोयल ने कहा कि क्षेत्र के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें अपनी क्षमता निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उनका मानना है कि नियमित प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे बड़े मुकाबलों के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।संघ के जिला सचिव रामशृंगार यादव ने बताया कि संगठन लगातार खेल गतिविधियों के आयोजन के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने का प्रयास कर रहा है। जिले के कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बना रहे हैं। खेल युवाओं के लिए बेहतर करियर का माध्यम भी बन सकता है, इसलिए प्रत्येक खिलाड़ी को इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।वहीं, जिला कोषाध्यक्ष राजनाथ गुप्ता ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेने और पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने की अपील की है।
खिलाड़ियों की उम्मीदों को मिलेगी नई उड़ान
जिला स्तरीय चैंपियनशिप को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह देखा जा रहा है। प्रतियोगिता से न केवल महिला और पुरुष खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, बल्कि जिले में वॉलीबॉल के प्रति रुचि बढ़ाने और खेल संस्कृति को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी। कुलमिलाकर अब सबकी निगाहें लक्ष्मीपुर के मैदान पर रहेंगी, जहां खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और संघर्ष उनकी अगली मंजिल तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उम्मीद है कि यह आयोजन सूरजपुर की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने के साथ उन युवाओं के सपनों को भी पंख लगाएगा, जो वॉलीबॉल के जरिए अपने जिले का नाम रोशन करना चाहते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)