नन्हें बच्चों के बीच पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पोषण और दुलार से संवरते बचपन का लिया जायजा
दरभा के आंगनबाड़ी केंद्र में औचक निरीक्षण, बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
रायपुर। बचपन की मुस्कान के पीछे बेहतर परवरिश, पौष्टिक आहार और सुरक्षित माहौल की अहम भूमिका होती है। इसी संवेदनशीलता के साथ महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बस्तर जिले के दरभा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोटमसर के आंगनबाड़ी केंद्र पेदावाड़ा मांझीपाल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं को करीब से देखा और वहां मौजूद नन्हें बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उनका हाल जाना।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अमले को निर्देशित किया कि केंद्र में बच्चों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्हें ऐसा सुरक्षित और स्नेहपूर्ण वातावरण मिले, जहां वे स्वस्थ रहते हुए सीखने, खेलने और आगे बढ़ने की दिशा में अपने कदम बढ़ा सकें।मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ बचपन ही बेहतर भविष्य की बुनियाद है। आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण उपलब्ध कराने का स्थान नहीं, बल्कि नौनिहालों के शारीरिक विकास, स्वास्थ्य और प्रारंभिक देखभाल का महत्वपूर्ण आधार हैं। यहां मिलने वाली सुविधाओं और अपनत्व का बच्चों के जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है।उन्होंने व्यवस्थाओं को बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाए रखने तथा नियमित निगरानी पर जोर दिया। साथ ही, बच्चों की देखभाल में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करने की आवश्यकता बताई। कुलमिलाकर बचपन को स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल बनाने की यह जिम्मेदारी केवल सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि हर बच्चे तक देखभाल और अपनत्व पहुंचाने से जुड़ी है। आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रभावी व्यवस्था इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)