प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात ने बढ़ाया जनसेवा का संकल्प, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने लिया मार्गदर्शन
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से सौजन्य भेंट, ‘समावेशी नीति संकल्प’ कार्यशाला में भी हुईं शामिल, वंचितों और जरूरतमंदों के कल्याण पर हुआ मंथन
रायपुर। समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने की कोशिशें तभी सार्थक होती हैं, जब सत्ता के संकल्प में संवेदना और योजनाओं के क्रियान्वयन में समर्पण दिखाई दे। इसी भावना के साथ छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने 20 नवंबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके पंचवटी निवास पर सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उन्हें प्रधानमंत्री का आत्मीय सानिध्य मिला और जनसेवा से जुड़े विषयों पर उनका प्रेरक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।प्रधानमंत्री से मुलाकात को अपने लिए विशेष प्रेरणादायी बताते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, विकसित भारत का सपना और आम कार्यकर्ता के प्रति सहज आत्मीयता जनसेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने का हौसला देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों से यह प्रेरणा मिलती है कि शासन की हर पहल का केंद्र आम नागरिक हो और विकास का लाभ उन लोगों तक भी पहुंचे, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और गुरु खुशवंत साहेब सहित विभिन्न राज्यों के मंत्री मौजूद रहे।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर मंथन
दिल्ली प्रवास के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित ‘समावेशी नीति संकल्प’ समाज कल्याण मंत्रियों की कार्यशाला के दूसरे दिन भी हिस्सा लिया। यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष और डॉ. विनय सहस्रबुद्धे का मार्गदर्शन मिला।कार्यशाला में चर्चा का केंद्र समाज के वे वर्ग रहे, जिन्हें आज भी आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों से जूझना पड़ता है। वंचितों, शोषितों और जरूरतमंद परिवारों के उत्थान, सामाजिक सुरक्षा तथा सरकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जमीन तक पहुंचाने के उपायों पर विस्तार से विचार साझा किए गए। अलग-अलग राज्यों में अपनाई जा रही अच्छी कार्यप्रणालियों और अनुभवों को सामने रखकर यह समझने का प्रयास किया गया कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पात्र हितग्राहियों तक कैसे पहुंचे।इस दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और गुरु खुशवंत साहेब समेत विभिन्न राज्यों के समाज कल्याण मंत्री तथा वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व से मिले विचारों को छत्तीसगढ़ में जनकल्याण के प्रयासों को और मजबूत करने में उपयोग किया जाएगा।उन्होंने कहा कि किसी भी विकास की असली सफलता केवल योजनाओं और आंकड़ों में नहीं, बल्कि उन परिवारों के चेहरों पर लौटने वाली मुस्कान में दिखाई देती है, जिन्हें सरकारी सहायता से सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिलता है। छत्तीसगढ़ सरकार का प्रयास रहेगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की यात्रा में बराबर की भागीदारी मिले।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)