बच्चों की खिलखिलाहट के बीच मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मनाया जन्मदिन, आंगनबाड़ी में बच्चों संग बैठकर किया भोजन
नन्हे बच्चों के गीतों और कविताओं ने बनाया दिन खास, मंत्री ने अपने हाथों से परोसा खाना, टॉफियां और उपहार देकर बांटी खुशियां
सूरजपुर। जन्मदिन पर खुशियां मनाने के कई तरीके होते हैं, लेकिन जब कोई अपनी खुशियों का हिस्सा उन मासूम चेहरों को बना ले, जिनकी छोटी-सी मुस्कान भी किसी के लिए बड़ी खुशी बन सकती है, तो यह अवसर यादगार बन जाता है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने जन्मदिन को कुछ इसी अंदाज में खास बनाया। उन्होंने ग्राम लटोरी के नवापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में नन्हे बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ समय बिताया और न्योता भोज के माध्यम से अपनी खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी भी उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ी केंद्र में मंत्री के पहुंचते ही बच्चों ने एक साथ 'हैप्पी बर्थडे टू यू' गाकर उनका स्वागत किया। मासूम आवाजों में गूंजते जन्मदिन के गीत ने माहौल को भावुक और खुशनुमा बना दिया। बच्चों के इस निश्छल स्नेह से अभिभूत मंत्री ने भी उनके बीच बैठकर आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों के नाम पूछे, उनकी बातें सुनीं और उन्हें खुलकर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान बच्चों ने 'मछली जल की रानी है', 'आलू कचालू' और 'तितली रानी' जैसी बाल कविताएं सुनाईं। उनकी मासूम अदाओं और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों पर मंत्री ने तालियां बजाकर हौसला बढ़ाया। आंगनबाड़ी में रोज आने वाले बच्चों के सवाल पर सभी ने उत्साह से हाथ उठाकर जवाब दिया। छोटी-छोटी बातों में झलकता उनका उत्साह और अपनापन पूरे आयोजन की खूबसूरती बन गया।बच्चों से बातचीत के बीच मंत्री ने उन्हें स्वच्छता का महत्व भी समझाया। चॉकलेट खाने के बाद रैपर कहां फेंकना चाहिए, यह पूछने पर बच्चों ने एक स्वर में 'डस्टबिन में' जवाब दिया। मंत्री ने उनकी समझदारी की सराहना करते हुए आसपास सफाई रखने और अच्छी आदतें अपनाने की सीख दी।
बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर किया भोजन
जन्मदिन के इस आयोजन में औपचारिकताओं से अधिक अपनत्व दिखाई दिया। न्योता भोज के तहत बच्चों के लिए चावल, दाल, खीर, पूड़ी, छोला और मुनगा भाजी सहित स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए गए थे। भोजन से पहले बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का पाठ किया। इसके बाद मंत्री राजवाड़े ने स्वयं अपने हाथों से बच्चों को भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर पंगत में बैठकर खाना खाया।एक ओर प्रदेश की मंत्री और दूसरी ओर आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चे, सभी एक ही पंगत में बैठे नजर आए। इस दृश्य ने आयोजन को केवल जन्मदिन का कार्यक्रम नहीं रहने दिया, बल्कि समानता, स्नेह और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया। बच्चों के बीच बैठकर भोजन करना उनके प्रति आत्मीयता और जुड़ाव की सहज अभिव्यक्ति बना।भोजन के बाद मंत्री ने सभी बच्चों को टॉफियां और उपहार भेंट किए। इन्हें पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। किसी की आंखों में उत्साह था तो किसी के चेहरे पर खिलखिलाती मुस्कान। उनके लिए यह दिन किसी खास उत्सव से कम नहीं था।
बच्चों की मुस्कान में साझा की जन्मदिन की खुशी
आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित न्योता भोज का उद्देश्य केवल बच्चों को भोजन कराना नहीं, बल्कि समाज को उनके पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और सर्वांगीण विकास से जोड़ना भी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों के प्रति सामुदायिक जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना मजबूत होती है।मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाकर इसी भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। अक्सर जन्मदिन पर लोग अपने लिए खुशियां जुटाते हैं, लेकिन इस आयोजन में खुशी का केंद्र वे बच्चे रहे, जिनके लिए कुछ पल का स्नेह, साथ और सम्मान भी अनमोल होता है। दिनभर की चहल-पहल के बीच बच्चों के गीत, उनकी कविताएं और उपहार पाकर खिल उठे चेहरे इस अवसर की सबसे खूबसूरत याद बन गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)