ऑटो चालक को घेरकर लूटा था मोबाइल, वारदात में शामिल पांचवां आरोपी भी गिरफ्तार
गांधीनगर पुलिस ने फरार आरोपी को दबोचा, घटना में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल जब्त
अम्बिकापुर। शादी समारोह से देर रात ऑटो लेकर घर लौट रहे एक चालक को रास्ते में घेरकर हथियारों की धमकी देना और मोबाइल लूट लेना किसी के लिए भी भयावह अनुभव हो सकता है। सुनसान रास्ते पर अचानक कई मोटरसाइकिल सवारों द्वारा घेर लिए जाने से चालक की जान पर बन आई थी। इस वारदात में शामिल फरार आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में इससे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
शादी समारोह से लौटते समय बनाया था निशाना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर निवासी धर्मेंद्र यादव, पिता गणेश प्रसाद यादव, 12 मई 2026 की रात कोलडीहा में आयोजित शादी समारोह से ऑटो लेकर अपने घर के लिए निकले थे। रात करीब 12:40 बजे जब वह ग्राम घंधरी के गेरवानी नाला के पास पहुंचे, तभी छह पल्सर मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 10 से 12 युवक वहां आ पहुंचे।आरोप है कि युवकों ने ऑटो का पीछा करते हुए उसके सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर दी और उसे रोक लिया। इसके बाद कथित तौर पर गन दिखाकर जान से मारने की धमकी दी तथा उनका एक्वा कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर सकालो की ओर फरार हो गए। आधी रात के सन्नाटे में हुई इस घटना ने सड़क पर अकेले सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए।
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जारी थी तलाश
पीड़ित की रिपोर्ट पर 13 मई 2026 को गांधीनगर थाने में अपराध क्रमांक 274/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 310(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने वैभव मिश्रा उर्फ राज मिश्रा, लवकुश कुमार, सुमित विश्वास और मनीष देवनाथ को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई थी। इसके बाद से ही प्रकरण में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही थी।
20 वर्षीय सचिन प्रताप पुरी गिरफ्तार
गांधीनगर पुलिस की लगातार पतासाजी के दौरान मामले के फरार आरोपी सचिन प्रताप पुरी, पिता कृष्णा कुमार पुरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी बौरीपारा, शिकारी रोड, मगरढोड़ा, थाना अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध से संबंधित साक्ष्य मिलने के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है। इस गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सक्रिय भूमिका
पूरी कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा के नेतृत्व में आरक्षक राहुल सिंह, रमन मंडल, उमाशंकर साहू और उमेश गुप्ता सक्रिय रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)