जनभागीदारी से सफल होगा सेवा संकल्प अभियान: हर गांव और हर नागरिक तक पहुंचे सेवा, सुशासन और बदलाव का संदेश
सूरजपुर, 15 सितंबर 2026। सेवा तभी सार्थक होती है, जब उसका लाभ समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे और शासन की योजनाओं की जानकारी उस परिवार तक भी पहुंचे, जो अब तक किसी कारण से उससे दूर रहा है। इसी भावना के साथ जिले में सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से व्यापक रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयालदास बघेल की अध्यक्षता में मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैंकरा सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और विभागीय अधिकारी इसमें शामिल हुए।
बैठक में मंत्री श्री बघेल ने तैयारियों की बारीकी से समीक्षा करते हुए कहा कि अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम बनकर न रह जाए, बल्कि इसकी पहुंच जिले के हर गांव, पंचायत और घर तक हो। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा के अवसर पर आयोजित इस अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग को सहभागी बनाने पर उन्होंने जोर दिया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल के साथ गतिविधियों को धरातल पर उतारने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि विकास की कहानी केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में आए बदलाव में दिखाई देती है। इसलिए अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से लोगों को यह बताया जाए कि पहले परिस्थितियां कैसी थीं और आज शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं तथा जनकल्याण के क्षेत्र में कितना परिवर्तन आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी योजना की असली सफलता तब है, जब उसका लाभ उस व्यक्ति तक पहुंचे, जिसकी जरूरत सबसे अधिक है।
मंत्री ने पंचायत स्तर पर शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में भी रचनात्मक एवं उपयोगी गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान, स्वास्थ्य परीक्षण, सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार सहित जनहित से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता देने की बात कही।
बैठक में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि इन आयोजनों में औपचारिकता के बजाय लोगों की भागीदारी और भावनात्मक जुड़ाव दिखाई देना चाहिए, ताकि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश समाज के हर हिस्से तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकार के प्रयासों से पूरा नहीं होगा। इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी विभाग और जनप्रतिनिधि मिलकर ऐसी गतिविधियां करें, जिनसे आम नागरिक खुद को इस अभियान का हिस्सा महसूस करे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में प्रस्तावित गतिविधियों की क्रमवार जानकारी दी। उन्होंने तैयारियों और विभागीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी श्री विपुल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।