दो लाख की चोरी का डॉग कोका ने सुलझाया राज, कपड़े की गंध से सीधे आरोपियों के घर पहुंची पुलिस

दो लाख की चोरी का डॉग कोका ने सुलझाया राज, कपड़े की गंध से सीधे आरोपियों के घर पहुंची पुलिस

दरिमा पुलिस ने दो शातिर युवकों को गिरफ्तार कर 2.08 लाख रुपए किए बरामद, दुकान में पहले काम कर चुके थे दोनों आरोपी

अम्बिकापुर, 8 सितंबर 2026। दरिमा थाना क्षेत्र के मोतीपुर भाठापारा में कपड़े की दुकान से हुई दो लाख रुपए की चोरी का खुलासा किसी सुराग से ज्यादा एक सूंघने की ताकत ने किया। घटनास्थल पर मिले कपड़े को पुलिस डॉग कोका ने पहचान लिया और उसकी निशानदेही पर टीम सीधे संदिग्धों के घर तक पहुंच गई। पूछताछ में दोनों युवकों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की पूरी रकम से अधिक 2 लाख 8 हजार 580 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार मोतीपुर निवासी सुरेश महाजन 4 सितंबर को गुमला, झारखंड गए थे। अगले दिन लौटने पर दुकान का डीवीआर टूटा मिला और उसमें रखी करीब दो लाख रुपए की रकम गायब थी। शिकायत पर दरिमा थाने में अपराध क्रमांक 205/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा आईपीएस राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम के साथ डॉग स्क्वाड को भी मौके पर भेजकर बारीकी से जांच के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत गौरव कुर्रे और डॉग हैंडलर ने पुलिस डॉग कोका की मदद ली।मौके पर मिले कपड़े की पहचान कराए जाने के बाद कोका ने रास्ता पकड़ लिया और बिना भटके सीधे संदिग्धों के घर पहुंच गया। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सिद्धार्थ निषाद उर्फ रानू (25), निवासी मोतीपुर और कबीर दास उर्फ विक्की (21), निवासी मोतीपुर ने मिलकर चोरी करना कबूल किया।जांच में यह भी सामने आया कि दोनों युवक पहले इसी दुकान में काम कर चुके थे। सिद्धार्थ को वर्ष 2023 में चोरी के एक मामले में जेल जाने के बाद दुकान से हटा दिया गया था, जबकि कबीर को भी रक्षाबंधन के समय काम से निकाल दिया गया था। पुलिस के मुताबिक दोनों काफी समय से दुकान में चोरी की योजना बना रहे थे।वारदात के दौरान आरोपियों ने दुकान में लगे डीवीआर को तोड़कर उसके टुकड़े कर दिए और साक्ष्य मिटाने के इरादे से उसे बेलखरिखा नदी में फेंक दिया। पुलिस ने चोरी की रकम में से 2,08,580 रुपए बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।इस कार्रवाई में पुलिस डॉग कोका, हैंडलर आरक्षक कुलेश्वर साहू और नीरज वर्मा की भूमिका अहम रही। कोका की सूंघने की क्षमता और टीम के साथ उसकी सटीक कार्रवाई ने उस मामले को दिशा दी, जिसमें चोर अपने पीछे कोई स्पष्ट सुराग न छोड़ने की कोशिश कर चुके थे। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने डॉग स्क्वाड और पूरी टीम की सराहना करते हुए पुरस्कार देने की घोषणा की है।कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत गौरव कुर्रे, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक देव सिंह, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, आरक्षक अखलेश यादव, मकर ध्वज, सुरेश यादव, भूपेंद्र सिंह और रंजीत गुप्ता सहित थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।