पूजा पैकरा मामले में 10 दिन में कार्रवाई की मांग, गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित आईसी मार्ट से जुड़े पूजा पैकरा प्रकरण को लेकर आदिवासी युवा छात्र संगठन-कोरिया ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और नामजद आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि 10 दिनों के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित परिवार और सामाजिक संगठनों के साथ लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।संगठन का कहना है कि नाबालिग आदिवासी छात्रा पूजा पैकरा के साथ आईसी मार्ट में कथित मानसिक प्रताड़ना, जातिगत टिप्पणी, चोरी के आरोप और मारपीट के बाद उसकी मृत्यु का मामला सामने आया। ऐसे में परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद अब जांच और कार्रवाई पर टिकी है। संगठन ने सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध सभी साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में भूमिका सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
ज्ञापन में फरार बताए जा रहे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, जांच की प्रगति से पीड़ित परिवार को अवगत कराने तथा 17 जुलाई 2026 के बाद आईसी मार्ट के संचालन से जुड़े लाइसेंस, भूमि और निर्माण संबंधी दस्तावेजों की जांच की मांग की गई है। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा या निर्माण पाए जाने पर कार्रवाई की मांग भी रखी गई।
परिवार को एक करोड़ की सहायता की मांग
संगठन ने पूजा के परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को देखते हुए शासन के नियमानुसार कम से कम एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा उपलब्ध शासकीय सहायता और पुनर्वास योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।
10 दिन बाद आंदोलन की चेतावनी
संगठन ने कहा है कि यदि 10 दिनों में मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्टर कार्यालय, बैकुंठपुर के सामने शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में राज्य के गृह मंत्री का पुतला दहन किए जाने की बात भी कही गई है।संगठन ने यह भी चेतावनी दी है कि नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित परिवार, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और डॉ. नंद कुमार साय के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निवास के बाहर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि डॉ. नंद कुमार साय, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज और पुलिस अधीक्षक कोरिया को भी सौंपी गई है।