नवाबगंज में व्यापारी नेता पर हमला:विधायक ने गृह सचिव को पत्र लिखा, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

नवाबगंज में व्यापारी नेता पर हमला:विधायक ने गृह सचिव को पत्र लिखा, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
नवाबगंज में व्यापारी नेता पर हुए हमले का मामला गरमा गया है। शुक्रवार रात 10 बजे राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष राजीव गुप्ता पर कुछ लोगों ने हमला किया। वह अपने तीन साथियों के साथ हाईवे स्थित एक होटल पर चाय पी रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। रविवार को व्यापारियों ने आपात बैठक की। उन्होंने आरोप लगाया कि एक विशेष वर्ग के कुछ लोग लगातार ऐसी घटनाएं कर रहे हैं। बैठक के बाद सैकड़ों व्यापारी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी कि दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बाजार बंद कर आंदोलन करेंगे। कोतवाल राहुल सिंह ने इसे पुलिस पर हमला मानते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। भाजपा विधानमंडल के सचेतक और विधायक डॉ. नीरज बोरा ने प्रदेश के गृह सचिव को पत्र लिखा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बैठक में व्यापार मंडल के कई प्रमुख नेता मौजूद थे। इनमें श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रदीप सूरी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरू सिंह सागर, व्यापार मंडल अध्यक्ष लल्लू गुप्ता और अन्य शामिल थे।