बरसते पानी में दौड़ा सूरजपुर, 300 से अधिक युवाओं ने ‘रन फॉर राजीव’ में दिखाया जोश
सूरजपुर। बारिश की तेज बूंदें रास्ता रोकने की कोशिश करती रहीं, लेकिन युवाओं के कदम नहीं रुके। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर द्वारा गुरुवार को आयोजित ‘रन फॉर राजीव’ मैराथन में 300 से अधिक धावकों ने हिस्सा लेकर एकता, भाईचारे, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। बारिश के बीच दौड़ते युवाओं का उत्साह पूरे आयोजन में आकर्षण का केंद्र रहा।
मैराथन का शुभारंभ अग्रसेन चौक से हुआ। धावक कलेक्ट्रेट गेट होते हुए वापस अग्रसेन चौक पहुंचे। आयोजन के दौरान बारिश शुरू हो गई, लेकिन इसका असर प्रतिभागियों के उत्साह पर नहीं पड़ा। युवा और युवतियां बरसते पानी में पूरे जोश के साथ दौड़ते नजर आए। देशभक्ति और उत्साह से भरे माहौल में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम युवा भी प्रतिभागियों के साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़े।
इस मैराथन में सूरजपुर जिले के अलावा कोरिया, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, बिलासपुर, कोरबा और पेंड्रा जिले से भी धावक पहुंचे। बड़ी संख्या में महिला धावकों की सहभागिता ने आयोजन को और खास बना दिया। आयोजकों ने बताया कि ‘रन फॉर राजीव’ का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के साथ स्वर्गीय राजीव गांधी के विचारों तथा आधुनिक और सशक्त भारत के सपने को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये रतनपुर-बिलासपुर के मनीष कुमार, द्वितीय पुरस्कार 5 हजार रुपये अगस्तपुर के नीरज कुमार, तृतीय पुरस्कार 3 हजार रुपये अगस्तपुर के असलेश राजवाड़े तथा चतुर्थ पुरस्कार 1,111 रुपये भटगांव के हिम्मत लाल को प्रदान किया गया। महिला धाविकाओं में नमदगिरी की फलेश्वरी राजवाड़े और चन्द्रिकापुर की प्रज्ञा राजवाड़े को विशेष पुरस्कार दिया गया।
बारिश के बीच युवाओं का यह उत्साह केवल एक दौड़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आयोजन ने स्वस्थ जीवन और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया। जब सड़कों पर बारिश की धार बह रही थी, उसी दौरान युवा पूरे जोश के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते नजर आए। यही दृश्य आयोजन की सबसे यादगार तस्वीर बन गया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शशि सिंह सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष गोयल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष केके अग्रवाल, आदिवासी नेता विद्या सागर सिंह, संगठन महामंत्री संजय डोसी, इस्माईल खान, जीएस मिश्रा, सुनील अग्रवाल, नरेंद्र जैन, सुनील सारथी, वेद प्रकाश मिश्रा, महेंद्र साहू, अरविंद यादव, केबी सिंह, अंशुल गोयल, विनय मिश्रा, अविनाश साहू, बबीता गुप्ता, बिहारी कुलदीप, विक्की समददार, तपन सिकदार, रोहित कनोजे, दिनेश राजवाड़े, सुंदर देवांगन, लिवनेश सिंह, शक्ति ठाकुर, अरविना बेगम, खुशी अंसारी, शान्तु डोसी, परमेश्वर राजवाड़े, विफल देवांगन, शिवम सोनवानी, जितेंद्र कुर्रे, शंकर राय, राजू राजवाड़े, अमित पैकरा, यशवंत सिंह, निलेश सिंह, देवनाथ सिंह, विवेकानंद, सलीम चिश्ती, आशीष सिंह, मिक्का और इकबाल अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।इस दरम्यान जिला एथलेटिक संघ के अध्यक्ष नरेश कुशवाहा एवं उनकी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। बारिश के बावजूद अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न हुई मैराथन ने सूरजपुर में राजीव गांधी जयंती को युवा ऊर्जा और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाने का संदेश दिया।