सोशल मीडिया की दोस्ती का खतरनाक अंजाम: 12वीं की छात्रा को लेकर फरार युवक गिरफ्तार

सोशल मीडिया की दोस्ती का खतरनाक अंजाम: 12वीं की छात्रा को लेकर फरार युवक गिरफ्तार

रामानुजनगर।सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक नाबालिग छात्रा के लिए खतरनाक साबित हुई। 12वीं की परीक्षा देने गई छात्रा को आरोपी युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। पुलिस ने तकनीकी जांच और सतर्कता के बल पर आरोपी को पकड़कर छात्रा को सकुशल बरामद करने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उक्ताशय पर मिली जानकारी अनुसार थाना रामानुजनगर में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे वह अपनी नाबालिग बेटी को  हाई स्कूल परीक्षा दिलाने छोड़कर आया था, लेकिन परीक्षा के बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और सहेलियों के यहां खोजबीन की, पर कोई जानकारी नहीं मिली। आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर और एसडीओपी प्रेमनगर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने गांव और आसपास के करीब 25-30 घरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। छात्रा की सहेली से पूछताछ में सामने आया कि वह एक मोबाइल नंबर पर लगातार बात करती थी। इसी आधार पर कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस किया गया।जांच में एक संदिग्ध कार की जानकारी मिली, जो घटना के दिन मौके के आसपास देखी गई थी। नागपुर और कटनी टोल प्लाजा से जानकारी जुटाकर पुलिस वाहन के मालिक तक पहुंची। पूछताछ में पता चला कि आरोपी बंटी सिंह राजपूत ने गाड़ी किराए पर ली थी।पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर जानकारी ली, जहां परिजनों ने बताया कि वह होली के बाद से घर नहीं आया है। लगातार मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर पुलिस ने आरोपी को नादेड़-हत्याखेड़ी मार्ग पर बस का इंतजार करते हुए पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब 5 महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी छात्रा से दोस्ती हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। 14 मार्च को वह किराए की कार लेकर आया और छात्रा को अपने साथ भगा ले गया।पुलिस ने आरोपी बंटी सिंह राजपुत पिता गुलाब सिंह राजपुत उम्र 25 वर्ष ग्राम अरनी थाना कानर जिला आगरमालवा म.प्र.को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 87, 64(1) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अलरिक लकड़ा सहित सउनि मनोज कुमार पोर्ते,.प्र.आर. ग्रेसमनी मिंज, आरक्षक मितेश मिश्रा एवं धनंजय कुमार साहु का सराहनीय योगदान रहा।