अंतिम सोमवार को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा, गूंजेगा हर-हर महादेव
दतिमा मोड़। सावन के अंतिम सोमवार, 24 अगस्त को दतिमा क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी एवं गौरी शंकर मंदिर समिति के तत्वावधान में गाजे-बाजे के साथ भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु शामिल होंगे। इस दौरान झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी, जिसमें भगवान शिव का तांडव श्रद्धालुओं को देखने मिलेगा।
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ खोपा रेड नदी से होगा। कांवड़िए नदी से पवित्र जल लेकर निर्धारित मार्ग से पैदल रवाना होंगे। यात्रा खोपा मुख्य चौक, धरतीपारा चौक, नावापारा चौक, राई होते हुए दतिमा चौक पहुंचेगी और यहां से गौरी शंकर मंदिर दतिमा पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद विधिवत पूजन-अर्चन के साथ यात्रा का समापन होगा।
सावन के अंतिम सोमवार को निकलने वाली यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शिवभक्तों की आस्था और श्रद्धा का संगम होगी। कांवड़ में भरा पवित्र जल और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आएगा। श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उत्साह के साथ यात्रा में शामिल होंगे।
बजरंग दल खंड संयोजक देवा राजवाड़े एवं अविनाश यादव ने क्षेत्र के सभी शिवभक्तों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए आयोजकों ने प्रशासन से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम करने का आग्रह किया है। यात्रा मार्ग और मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है, ताकि आस्था के इस आयोजन में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।