"शिक्षा न्याय" आंदोलन के तहत कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, BEO कार्यालय का घेराव आज

अम्बिकापुर (ब्रेकिंग)। युक्तियुक्तकरण की नई नीति के खिलाफ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी "शिक्षा न्याय" आंदोलन तेज हो गया है। इसी कड़ी में आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अम्बिकापुर शहर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अम्बिकापुर ग्रामीण संयुक्त रूप से विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय का घेराव करेंगी। इस आंदोलन के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी नई शिक्षा नीति को शिक्षकों और विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ बता रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यह प्रदर्शन दोपहर 3 बजे राजीव भवन से शुरू होगा, जहां से कार्यकर्ता बीईओ कार्यालय पहुंचेंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि युक्तियुक्तकरण की नीति से शिक्षकों के स्थानांतरण और स्कूलों के संसाधनों पर विपरीत असर पड़ रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था चरमरा सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस घेराव में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगों को बुलंद करेंगे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने नीति पर पुनर्विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आपकों बताते चलें कि इस प्रक्रिया के शुरुआती दौर से शिक्षक संगठनों ने भी विरोध दर्ज कराया है, बहरहाल आंदोलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड में रहेगा।