सोलर केबल चोरी करते पकड़े गए दो युवक, पूछताछ में खुलती गई चोरी की कहानी

सोलर केबल चोरी करते पकड़े गए दो युवक, पूछताछ में खुलती गई चोरी की कहानी

सुन्दरपुर में वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे दोनों, जांच आगे बढ़ी तो बाइक चोरी और बर्तन पार करने का भी खुलासा

सूरजपुर। खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए सोलर पैनल का केबल चोरी करने पहुंचे दो युवकों की योजना उस वक्त धरी रह गई, जब खेत मालिक की नजर उन पर पड़ गई। एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ हुई तो पुलिस के सामने चोरी की कई घटनाओं की कड़ियां जुड़ती चली गईं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल, मिनी कटर और लोहे का रॉड भी बरामद किया है।मामला ग्राम सुन्दरपुर का है। गांव के रहने वाले छक्केलाल सिंह ने बसदेई चौकी में शिकायत की थी कि रेड नदी के किनारे स्थित उसके खेत-बगान में सिंचाई के लिए सोलर पैनल, 3 एचपी का मोटर पंप और केबल लगाया गया है। 28 अगस्त को जूर निवासी नजीर अंसारी और रगदा निवासी अंकित तिवारी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। दोनों की नजर सोलर पैनल के केबल पर थी।नजीर केबल काटने लगा, जबकि अंकित कुछ दूरी पर खड़ा होकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। इसी बीच खेत मालिक ने उन्हें देख लिया। उसने नजीर को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मामले में बसदेई चौकी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक आईपीएस योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर चौकी पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ की। नजीर अंसारी ने बताया कि वह अंकित के साथ मिलकर पहले भी सोलर पैनलों के केबल चोरी कर चुका है। पूछताछ में सुन्दरपुर के अलावा खोपा और करंजी क्षेत्र से केबल चोरी करने की बात सामने आई।जांच के दौरान एक और घटना का पता चला। दोनों ने मलगा पुलिया के पास एक घर से कांसा और पीतल के बर्तन भी चोरी किए थे। चोरी का सामान सूरजपुर के तीन लोगों को बेचने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।मामला यहीं नहीं रुका। पुलिस के अनुसार दोनों ने करीब एक माह पहले सूरजपुर के साप्ताहिक बाजार से दो होंडा साइन मोटरसाइकिल भी चोरी की थीं। एक बाइक अंकित ने अपने घर में रखी थी, जबकि दूसरी नजीर के पास थी और वह उसका इस्तेमाल कर रहा था।आरोपियों की बताई जगहों पर पहुंचकर पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों के साथ मिनी कटर और लोहे का रॉड बरामद किया। जांच में दोनों के मिलकर वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आने पर मामले में संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने नजीर अंसारी पिता वारिस अंसारी, उम्र 28 वर्ष, निवासी जूर दमकोडयापारा और अंकित तिवारी पिता स्व. अयोध्या तिवारी, उम्र 28 वर्ष, निवासी रगदा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

पहले से भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के मुताबिक नजीर अंसारी के खिलाफ बसदेई चौकी और जिले के अन्य थानों में चोरी सहित अलग-अलग धाराओं में पहले से पांच मामले दर्ज हैं। इनमें बसदेई चौकी के अपराध क्रमांक 450/26, 451/2026 और 121/26 के अलावा थाना पटना, जिला कोरिया का वर्ष 2019 का मामला तथा थाना प्रतापपुर का वर्ष 2024 का प्रकरण शामिल है।अंकित तिवारी के खिलाफ भी बसदेई चौकी में दो मामले दर्ज हैं। इनमें अपराध क्रमांक 497/2026 में बीएनएस की धाराओं के तहत तथा अपराध क्रमांक 210/2026 में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। बहरहाल इस पूरी कार्रवाई में बसदेई चौकी प्रभारी योगेन्द्र जायसवाल और पुलिस टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही।