जमुई में मंदिर पर राजद का झंडा फहराया:आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज, लोगों ने कहा-इससे कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा

जमुई में मंदिर पर राजद का झंडा फहराया:आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज, लोगों ने कहा-इससे कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा
जमुई में बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले एक राजनीतिक विवाद सामने आया है। महागठबंधन के घटक दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का झंडा लख्खापुर इलाके में एक मंदिर पर फहराया गया है, जिसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना जा रहा है। बता दें कि घटना जमुई के लख्खापुर में स्थित बजरंगबली मंदिर में हुई। पार्टी का झंडा बांस के सहारे मंदिर परिसर में लगाया गया था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है, क्योंकि धार्मिक स्थलों पर राजनीतिक प्रचार सामग्री लगाना नियमों के विरुद्ध है। झंडा लगाने से मतदाताओं के निर्णय पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा स्थानीय निवासी दामोदर यादव ने इस कृत्य को गलत बताया। उन्होंने कहा कि यह आचार संहिता का उल्लंघन है और किसी धार्मिक स्थल पर राजनीतिक झंडा नहीं फहराया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि झंडा लगाने से मतदाताओं के निर्णय पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोपों की पड़ताल करने की बात कही है। जमुई विधानसभा क्षेत्र में जल्द ही मतदान होना है, और सभी राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रचार अभियान में जुटे हैं। मंदिर पर झंडा लगाए जाने की इस घटना ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।