सड़क पर सुरक्षा का संकल्प:परिवहन विभाग और एडवेंचर संस्था का संयुक्त जागरूकता अभियान

सड़क पर सुरक्षा का संकल्प:परिवहन विभाग और एडवेंचर संस्था का संयुक्त जागरूकता अभियान

नियम तोड़ने वालों को समझाइश, नियम पालन करने वालों का सम्मान

सूरजपुर।कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशों के अनुपालन में सूरजपुर परिवहन विभाग ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की। शनिवार को सिटी कोतवाली थाना परिसर के समीप डेंजर्स एडवेंचर्स अंतर्वेद स्पोर्ट्स ‘लांगेस्ट वर्ल्ड टूर ऑन फुट जर्नी’ संस्था के सहयोग से व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।अभियान का उद्देश्य स्पष्ट था-सड़क सुरक्षा को जीवन रक्षा के मूल कौशल के रूप में स्थापित करना। परिवहन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ संस्था के सदस्यों ने आम नागरिकों को यह संदेश दिया कि यातायात नियम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सुरक्षित जीवन की बुनियाद हैं।संस्था द्वारा देशभर में चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान के तहत अब तक छत्तीसगढ़ के 29 जिलों का भ्रमण किया जा चुका है। इसी क्रम में शनिवार को टीम ने सूरजपुर में शहर के विभिन्न मार्गों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। संस्था के सदस्य जितेंद्र प्रताप एवं अन्य सदस्यों ने परिवहन विभाग के साथ मिलकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति सजग किया।

नियम तोड़ने वालों को दी समझाइश

अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने, तीन सवारी तथा लापरवाही से वाहन चलाने वालों को रोककर नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही उनसे यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

नियम पालन करने वालों का हुआ सम्मान

वहीं, यातायात नियमों का अनुशासनपूर्वक पालन करने वाले नागरिकों को पुष्पगुच्छ एवं चॉकलेट भेंट कर सम्मानित किया गया। उनसे यह भी आग्रह किया गया कि वे स्वयं के साथ-साथ दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कुलमिलाकर इस अभियान ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सुरक्षित सड़कें—जिम्मेदार नागरिकों से ही 

संभव हैं।