दरभंगा में नगर विकास मंत्री जीवेश कुमार ने जाले विधानसभा क्षेत्र में 39 करोड़ 28 लाख रुपए से बनने वाली 41.66 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में बीजेपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मंत्री का स्वागत किया। मंत्री ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास में बड़ी भूमिका निभाएगी। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के लिए मंत्री को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर गरीबों को राहत दी है। पहले पेंशन 400 रुपए थी, अब इसे बढ़ाकर 1100 रुपए कर दिया गया है। इससे पूरे बिहार में खुशी का माहौल है। एक करोड़ 9 लाख लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। मंत्री ने कहा कि जब गरीबों का भला होता है, तब तेजस्वी यादव और उनका परिवार छाती पीटने लगता है। इस पेंशन से तेजस्वी को टेंशन हो गया है। तेजस्वी यादव के पास कोई मुद्दा नहीं बचा मंत्री ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र में जाते थे, तब आम लोग कहते थे कि पेंशन 1000 रुपए कर दीजिए। मुख्यमंत्री ने लोगों की बात सुनी और 1100 रुपए कर दिया। बिहार का हर गरीब, हर आम आदमी खुश है। मंत्री ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री का आभार जताया। कहा कि पूरा बिहार आभार प्रकट कर रहा है। मंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। वह सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं। अब वह कांग्रेस के टिकट भी बांटेंगे क्या। उन्होंने पूछा कि तेजस्वी अपने माता-पिता के 15 साल के शासन का क्या जवाब देंगे। बिहार की जनता सब जानती है। मंत्री ने दावा किया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए मजबूती से उतरेगा। इस बार आरजेडी की स्थिति 2010 से भी खराब होगी। जनता ने मन बना लिया है कि अगली सरकार फिर से नीतीश कुमार की ही बनेगी। जाले की एक भी सड़क जर्जर नहीं मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में सिंहवाड़ा प्रखंड में लगभग 22 करोड़ रुपए की लागत से 29 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। उन्होंने दावा किया कि दरभंगा के किसी भी विधानसभा क्षेत्र में जाले से बेहतर सड़क नहीं मिलेगी। जाले की एक भी सड़क अब जर्जर नहीं रहेगा।