अम्बिकापुर में वोटर लिस्ट में गड़बड़झाला: 388 मकानों में 10 हजार से ज्यादा 'फर्जी' वोटर,श्री सिंहदेव ने चुनाव आयोग को BJP का 'अनुषंगी' बताया
अम्बिकापुर। शहर के 111 मतदान केंद्रों पर 388 ऐसे मकान चिन्हित हुए हैं, जहां 20 या इससे ज्यादा मतदाता रजिस्टर्ड हैं। इनमें कुल 10,662 मतदाता शामिल हैं। हैरानी की बात यह कि कुछ मकानों में तो एक ही नंबर पर 150 से अधिक वोटरों के नाम पंजीकृत हैं। यह सनसनीखेज खुलासा पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने किया है। उन्होंने बताया कि अम्बिकापुर विधानसभा में ही 630 से ज्यादा डुप्लीकेट वोटर मिले हैं। श्री सिंहदेव ने चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आयोग भाजपा के अनुषंगी संगठन जैसा व्यवहार कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ यह खुलासा चुनावी तैयारियों में नया मोड़ ला सकता है, जहां कांग्रेस मतदाता सूचियों की सफाई पर जोर दे रही है।
कांग्रेस की बैठक में खुलासा, BJP पर हेराफेरी का आरोप
जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा की ओर से नवनियुक्त जोन अध्यक्षों, सेक्टर प्रभारियों और बीएलए की बैठक राजीव भवन में हुई। यहां सिंहदेव ने हरियाणा और महाराष्ट्र चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि नतीजे 'गड़बड़' लग रहे थे। राहुल गांधी ने 7 अगस्त को वोट चोरी के ठोस सबूत पेश किए थे। श्री सिंहदेव बोले, "चुनाव आयोग भाजपा आईटी सेल से पहले चुनाव तारीखें घोषित करवा लेता है। PM को उद्घाटन के मौके देता है और चरण तय करते वक्त प्रचार का ख्याल रखता है। अब मतदाता सूचियों में गड़बड़ी पर जांच की बजाय सीना जोरी कर रहा है।" उन्होंने BJP के 'बड़े तंत्र' पर सतर्क रहने की चेतावनी दी और कहा कि 50 साल की राजनीति में ऐसी गड़बड़ियां कभी नहीं देखीं।
प्रदेश कांग्रेस ने शुरू की जांच, जल्द रिपोर्ट
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मतदाता सूचियों की गड़बड़ियां पकड़ने का अभियान शुरू हो गया है। तय बिंदुओं पर जांच कर रिपोर्ट जल्द जनता और प्रशासन के सामने रखी जाएगी। 20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बीएलए को 'खड़गे जी के समतुल्य' बताते हुए बूथ स्तर पर शत-प्रतिशत योगदान की अपील की। बैठक को पीसीसी उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा और पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने भी संबोधित किया।
ये नेता रहे मौजूद
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अम्बिकापुर शहर अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, ग्रामीण अध्यक्ष विनय शर्मा, संजय विश्वकर्मा, मो. इस्लाम, विनित विशाल जायसवाल, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, अनिल सिंह, अनूप मेहता, जमील खान समेत जोन अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, चंद्र प्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, निकि खान, सोहन जायसवाल, अमित सिंह, अशोक सिंह, प्रेमनारायण तिवारी और सभी सेक्टर प्रभारी-बीएलए मौजूद थे।