कांग्रेस की नई रणनीति: 6 मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति, संगठन को मिलेगी मजबूती

कांग्रेस की नई रणनीति: 6 मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति, संगठन को मिलेगी मजबूती

अम्बिकापुर। कांग्रेस के उदयपुर नवसंकल्प शिविर के प्रस्तावों को अमल में लाते हुए सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। गुरुवार को अंबिकापुर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने 6 नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र सौंपे। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने इन अध्यक्षों को पत्र सौंपकर तत्काल प्रभाव से तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया।श्री सिंहदेव ने कहा कि उदयपुर चिंतन शिविर के निष्कर्षों के आधार पर कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान शुरू किया है, जिसमें युवा पीढ़ी को जिम्मेदारी देकर कैडर को मजबूत किया जा रहा है। अंबिकापुर शहर में 111 पोलिंग बूथों के प्रबंधन के लिए अब 6 मंडल अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं, जो पहले ब्लॉक अध्यक्ष के अधीन थे।

नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष

-मंडल 1: चंद्रप्रकाश सिंह (19 बूथ)

- मंडल 2: नियाजुद्धीन खान (निक्की) (19 बूथ)

- मंडल 3: रजनीश सिंह (18 बूथ)

- मंडल 4: शंकर प्रजापति (18 बूथ)

- मंडल 5: सोहन जायसवाल (19 बूथ)

- मंडल 6:वेदप्रकाश शर्मा (18 बूथ)

ये मंडल अध्यक्ष 31 जुलाई तक अपनी कार्यकारिणी गठित कर सूचित करेंगे और सेक्टर प्रभारी व बीएलए की नियुक्ति सूची अनुशंसित करेंगे। संगठन सृजन अभियान के तहत 30 सितंबर 2025 तक बूथ स्तर की सभी नियुक्तियां पूरी करने का लक्ष्य है। नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, 20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा सहित मो. इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, अनिल सिंह, जमील खान और अमित सिंह मौजूद रहे। 

संगठन को मिलेगी नई धार  

यह कदम कांग्रेस की रणनीति को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंडल स्तर पर सूक्ष्म प्रबंधन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूती मिलेगी।