ग्रामोदय से अभ्युदय का संकल्प: कुरई में गूंजा आत्मनिर्भर और सशक्त मध्यप्रदेश का संदेश

ग्रामोदय से अभ्युदय का संकल्प: कुरई में गूंजा आत्मनिर्भर और सशक्त मध्यप्रदेश का संदेश
ग्रामोदय से अभ्युदय का संकल्प: कुरई में गूंजा आत्मनिर्भर और सशक्त मध्यप्रदेश का संदेश

सिवनी। ग्रामोदय से ही होगा अभ्युदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकासखंड कुरई में शनिवार को जनपद पंचायत सभा कक्ष में विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत कुरई के अध्यक्ष श्री लोचन सिंह मर्सकोले रहे। उनके साथ वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्री सुरेंद्र सिंह सिसोदिया, क्षेत्रीय नेतृत्वकर्ता श्री जागेश्वर प्रसाद पांडे, विभागीय योजनाओं की जानकारी देने श्री पंकज गैहवार, नशा मुक्ति अभियान से जुड़े श्री वी.एस. इडपाचे एवं परिषद के जिला समन्वयक श्री सौरभ शुक्ला मंचासीन रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। विकासखंड समन्वयक कुलदीप सिंह ठाकुर ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान 12 जनवरी (स्वामी विवेकानंद जयंती) से 26 जनवरी तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव में ग्राम उत्सव, जागरूकता कार्यक्रम और सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।जिला समन्वयक सौरभ शुक्ला ने कहा कि अभियान की सफलता में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं, परामर्शदाता एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों की भूमिका निर्णायक होगी। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिसोदिया ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं से “उठो, चलो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” के मंत्र को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।श्री जागेश्वर पांडे ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर जोर देते हुए आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को मजबूत करने की बात कही। श्री पंकज गैहवार ने युवाओं की सहभागिता से सशक्त राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया, वहीं श्री वी.एस. इडपाचे ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक जिम्मेदारी पर अपने विचार रखे।जनपद अध्यक्ष लोचन सिंह मर्सकोले ने कहा कि ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियां और नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थी क्षेत्रीय विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन-प्रशासन जनभागीदारी के साथ कार्य करेगा और विकास में जहां भी कमी होगी, उसे चिन्हांकित कर त्वरित निराकरण किया जाएगा। जनजाति बहुल क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुरूप योजनाएं बनाने में जन अभियान परिषद की भूमिका को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद कार्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। सेक्टर एवं ग्राम स्तरीय कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए विकासखंड समन्वयक ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं, परामर्शदाता, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, पेसा मोबिलाइजर, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के समूह सदस्य, ग्राम रोजगार सहायक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।