तीज के रंग में सजा रायपुर प्रेस क्लब, महिला पत्रकारों के साथ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया रैंप वॉक

तीज के रंग में सजा रायपुर प्रेस क्लब, महिला पत्रकारों के साथ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया रैंप वॉक
तीज के रंग में सजा रायपुर प्रेस क्लब, महिला पत्रकारों के साथ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया रैंप वॉक

रायपुर। रविवार को रायपुर प्रेस क्लब का माहौल कुछ अलग था। रोज खबरों की तलाश और भागदौड़ में व्यस्त रहने वाली महिला पत्रकार यहां खबरों से इतर तीज के रंग में रंगी नजर आईं। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं, ठहाकों के बीच खेल-प्रतियोगिताएं और रैंप पर आत्मविश्वास से कदम बढ़ातीं महिला पत्रकार... पूरे प्रेस क्लब परिसर में उत्सव की रौनक दिखाई दी।मौका था रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित महिला पत्रकारों के तीज महोत्सव का। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने शामिल होकर महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने न केवल उनके साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया, बल्कि पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में खुद रैंप वॉक कर आयोजन को यादगार बना दिया।इस दरम्यान सिर पर पल्लू लेकर सादगी भरे अंदाज में रैंप पर उतरीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का महिला पत्रकारों ने तालियों के साथ स्वागत किया। उनके सहज अंदाज ने माहौल को और आत्मीय बना दिया।

रैंप पर दिखा आत्मविश्वास, तालियों से गूंजा प्रेस क्लब

तीज महोत्सव का सबसे आकर्षक हिस्सा रैंप वॉक रहा। महिला पत्रकारों ने पारंपरिक परिधानों में रैंप पर अपनी प्रस्तुति दी। किसी के चेहरे पर मुस्कान थी तो किसी के कदमों में आत्मविश्वास। रोज कैमरे के सामने और खबरों के पीछे दौड़ने वाली पत्रकारों के लिए यह पल खुद को उत्सव के केंद्र में महसूस करने का भी था।राज्यसभा सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और विधायक श्रीमती भावना बोहरा भी आयोजन में शामिल हुईं। भावना बोहरा ने महिला पत्रकारों के साथ रैंप वॉक किया, जबकि लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप पर प्रस्तुति देकर तीज की खुशियां साझा कीं। जनप्रतिनिधियों की इस सहज सहभागिता ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी।

खेलों में खूब हुई मस्ती, हंसी-ठिठोली से बना माहौल

महोत्सव में विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। महिला पत्रकारों ने पूरे उत्साह के साथ इनमें हिस्सा लिया। कहीं जीत की खुशी दिखाई दी तो कहीं हार पर खिलखिलाहट। कुछ देर के लिए खबरों की गंभीर दुनिया पीछे छूट गई और प्रेस क्लब हंसी-खुशी और आपसी अपनापन से भर गया।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े बोलीं, पत्रकारिता में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और महिलाओं के उल्लास से जुड़ा पर्व है। महिला पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब द्वारा आयोजित यह आयोजन सराहनीय है। उन्होंने कहा कि महिलाएं पत्रकारिता के क्षेत्र में जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज की आवाज को मजबूती से सामने रख रही हैं।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन व्यस्त कार्यदायित्वों के बीच महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, संवाद करने और साथ मिलकर खुशियां मनाने का अवसर देते हैं। उन्होंने सभी महिला पत्रकारों को तीज की शुभकामनाएं दीं।राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने तीज को महिलाओं की खुशियों, आत्मीयता और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा पर्व बताया। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि महिला पत्रकार समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। ऐसे आयोजन आपसी सहभागिता और अपनापन बढ़ाने का माध्यम हैं।

जाते-जाते मिली खुशियों की सौगात

कार्यक्रम के अंत में महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट दिए गए। उपहार पाकर उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। तीज के पारंपरिक रंग, रैंप वॉक, खेल-प्रतियोगिताओं और आत्मीय मेलजोल ने रविवार को रायपुर प्रेस क्लब को एक ऐसे मंच में बदल दिया, जहां पत्रकारिता की भागदौड़ से कुछ पल निकालकर महिला पत्रकारों ने खुद के लिए भी समय जिया।कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी, महासचिव श्री गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष श्री दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष श्री दिनेश यदु, संयुक्त सचिव श्रीमती निवेदिता साहू एवं श्री भूपेश जांगड़े सहित आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली श्रीमती अमृता शर्मा, श्रीमती प्रियंका कौशल, श्रीमती मीनल शर्मा, श्रीमती आकांक्षा दुबे, श्रीमती विनीता मंडल, श्रीमती सोनल भारद्वाज, श्रीमती सुजाता साहा और श्रीमती अंबिका मिश्रा सहित बड़ी संख्या में महिला पत्रकार एवं प्रेस क्लब सदस्य मौजूद रहे।