नशे में ड्राइविंग पर पुलिस का शिकंजा, बसदेई में 5 वाहन चालक पकड़े गए

नशे में ड्राइविंग पर पुलिस का शिकंजा, बसदेई में 5 वाहन चालक पकड़े गए

सूरजपुर। सड़क पर दौड़ता वाहन सिर्फ चालक की जिम्मेदारी नहीं होता, उसके साथ किसी परिवार की उम्मीदें और किसी अपने की जिंदगी भी जुड़ी होती है। शराब या नशे की हालत में वाहन चलाने की एक छोटी-सी लापरवाही कई बार किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लेती है। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए सूरजपुर पुलिस ने अब ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर आईपीएस योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर 29 अगस्त को जिले के सभी थाना एवं चौकियों में यातायात नियमों का पालन कराने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में बसदेई चौकी प्रभारी योगेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में चौकी पुलिस ने वाहन जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले पांच चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की।

कार्रवाई की जद में आए वाहन चालकों में पुष्कर राजवाड़े (24), निवासी नरसिंहपुर, जिला कोरिया, मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 16 सीआर 3971, दीपक कुमार देवांगन (25), निवासी कृष्णपुर, थाना सूरजपुर, अल्टो कार क्रमांक सीजी 07 एमए 3639; आकाश सिंह (19), निवासी सागरपुर, थाना बैकुंठपुर, जिला कोरिया, मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 16 टीसी 3440; दुबे शंकर प्रजापति (26), निवासी पस्ता, थाना रामानुजनगर, मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीआर 2238 तथा संतोष यादव (30), निवासी सलका, थाना भटगांव, मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 16 डीएफ 5441 शामिल हैं।पुलिस ने इनके विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। इसके साथ ही अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस का कहना है कि सड़क हादसों को रोकने के लिए सिर्फ नियम बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका पालन भी उतना ही जरूरी है। खासकर शराब या नशे की हालत में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जिंदगी के लिए भी खतरा बन सकता है। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई लोगों को यह संदेश देने की कोशिश है कि सड़क पर लापरवाही की कोई जगह नहीं है।पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और अन्य सुरक्षा उपायों का इस्तेमाल करें तथा किसी भी स्थिति में शराब या नशे की हालत में वाहन न चलाएं। क्योंकि घर से निकलने वाला हर व्यक्ति सुरक्षित वापस लौटे, यही सड़क सुरक्षा की सबसे बड़ी मंजिल है।