नेटवर्क विहीन इलाकों में मोबाइल टावर की मांग, मुख्यमंत्री के सामने विधायक ने उठाई ग्रामीणों की आवाज
सीतापुर। पहाड़ों और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए मोबाइल नेटवर्क आज भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। कई गांव ऐसे हैं, जहां जरूरी समय पर अपनों से बात करना भी मुश्किल हो जाता है। इसी समस्या को लेकर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष क्षेत्रवासियों की मांग रखते हुए नए मोबाइल टावर स्थापित करने की पहल की मांग की है।विधायक ने कहा कि आज मोबाइल और इंटरनेट केवल बातचीत का माध्यम नहीं रह गए हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल भुगतान, सरकारी योजनाओं, रोजगार और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ी बन चुके हैं। ऐसे में संचार सुविधा से वंचित गांवों के लोगों को कई जरूरी सेवाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पाता।उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई और शैक्षणिक सामग्री हासिल करने में परेशानी होती है। छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार करने वाले ग्रामीण डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं से भी कई बार वंचित रह जाते हैं। सबसे गंभीर स्थिति तब बनती है, जब किसी बीमारी, दुर्घटना या अन्य आपात परिस्थिति में तत्काल संपर्क की जरूरत हो और फोन पर नेटवर्क ही उपलब्ध न हो।रामकुमार टोप्पो ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सीतापुर विधानसभा के ऐसे गांवों और क्षेत्रों का सर्वे कराया जाए, जहां मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं है। वहां नए टावर लगाने के साथ ही कमजोर सिग्नल वाले स्थानों की क्षमता बढ़ाई जाए।विधायक ने कहा कि सीतापुर विधानसभा का भूगोल विस्तृत होने के साथ कई हिस्से पहाड़ी और दुर्गम हैं। इन इलाकों में रहने वाले ग्रामीण भी बदलते डिजिटल दौर का हिस्सा बनना चाहते हैं, लेकिन संचार सुविधा की कमी उनके कदम रोक रही है। नए टावर स्थापित होने से केवल मोबाइल सेवा बेहतर नहीं होगी, बल्कि दूर-दराज के परिवारों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और शासन की सुविधाओं की पहुंच भी आसान होगी।