रामानुजनगर तहसील ने रचा समर्पण और अनुशासन का नया इतिहास:जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य हुआ सफलतापूर्वक पूर्ण
सभी 211 एचएलबी का मकान सूचीकरण कार्य समय सीमा में सम्पन्न, जिले में बना अग्रणी तहसील का गौरव
सूरजपुर।भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित प्रथम चरण के मकान सूचीकरण एवं हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) कार्य में रामानुजनगर तहसील ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन तथा चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार श्री मनहरण सिंह राठिया के नेतृत्व में तहसील क्षेत्र के सभी 211 एचएलबी का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। इस उपलब्धि के साथ रामानुजनगर तहसील जिले में अग्रणी स्थान पर पहुंच गई है।यह सफलता केवल प्रशासनिक कार्य की पूर्णता नहीं, बल्कि उन कर्मचारियों के समर्पण, जिम्मेदारी और अथक परिश्रम की कहानी है जिन्होंने गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ सम्पन्न किया। भीषण गर्मी, समय की चुनौतियों और जिम्मेदारियों के बीच भी प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं मास्टर ट्रेनरों ने अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए कार्य को सफल बनाया।चार्ज अधिकारी मनहरण सिंह राठिया ने इस उपलब्धि पर समस्त प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं मास्टर ट्रेनरों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि रामानुजनगर की टीम ने टीम वर्क, समर्पण एवं जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास, योजनाओं और भविष्य की दिशा तय करने का आधार है। ऐसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व में रामानुजनगर तहसील ने जिस गंभीरता एवं तत्परता के साथ कार्य किया है, वह सराहनीय है।जनगणना कार्य के दौरान प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकानों का चिन्हांकन, परिवारों की प्रारंभिक जानकारी का संकलन तथा निर्धारित प्रारूपों में डेटा संधारण का कार्य गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ किया गया। वहीं सुपरवाइजरों एवं मास्टर ट्रेनरों द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कार्य की गुणवत्तापूर्ण पूर्णता निर्धारित समय सीमा के भीतर संभव हो सकी।जनगणना कार्य के सफल समापन के बाद तहसील के कर्मचारियों एवं प्रगणकों में उत्साह और खुशी का वातावरण देखने को मिला। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए आगामी चरणों में भी इसी ऊर्जा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।चार्ज अधिकारी श्री राठिया ने कहा कि यह उपलब्धि सम्पूर्ण रामानुजनगर तहसील की सामूहिक मेहनत और मजबूत टीम भावना का परिणाम है। आने वाले चरणों में भी तहसील उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान बनाए रखने का हरसंभव प्रयास करेगी। कुलमिलाकर जनगणना केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं होती, बल्कि यह समाज की वास्तविक तस्वीर, विकास की दिशा और भविष्य की संभावनाओं को संवारने वाली आधारशिला होती है… और रामानुजनगर ने इस जिम्मेदारी को पूरे गर्व, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ निभाया है।