11 फीट ऊंची दीवार गिरने से मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर घायल

11 फीट ऊंची दीवार गिरने से मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर घायल

पुराने कच्चे मकान को तोड़ते समय हुआ हादसा, मैनपाट के मजदूर करजी में कर रहे थे काम

अम्बिकापुर 23 अप्रैल 2025। जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करजी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुराने कच्चे मकान को गिराकर नया मकान बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक 11 फीट ऊंची मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। मलबे में दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतक अर्जुन मंझवार (निवासी कदनई, मैनपाट) और घायल नवा राम (उम्र करीब 35 साल) मजदूरी के लिए ग्राम करजी आए थे। दोनों दिनेश कुशवाहा के यहां अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहे थे। अचानक दीवार गिरने से अर्जुन की मौके पर ही जान चली गई, जबकि नवा राम बुरी तरह जख्मी हो गया।घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने दोनों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। नवा राम की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

हादसे की जानकारी मिलते ही दरिमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माण स्थल पर कोई सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे।

स्थानीय प्रशासन पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि गांवों में इस तरह के निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं होती। इससे मजदूरों की जान हमेशा जोखिम में रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।