20 अगस्त को सूरजपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भव्य दौरा, रजत महोत्सव के तहत होंगे कई आयोजन
सूरजपुर, 18 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष्य में रजत महोत्सव का भव्य आयोजन कर रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा इस महोत्सव का शुभारंभ किया गया, जो 15 अगस्त 2025 से 6 फरवरी 2026 तक पूरे 25 सप्ताह तक प्रदेशभर में उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। इसी कड़ी में 20 अगस्त को मुख्यमंत्री श्री साय सूरजपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान तिलसिवां रोड स्थित अटल कुंज के समीप मैदान में रजत महोत्सव के तहत भव्य आयोजन होगा।
जिला प्रशासन की तैयारियां जोरों पर
आगामी कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन स्वयं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। कार्यक्रम में स्टॉल निरीक्षण, विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास, शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री व चेक वितरण जैसे प्रमुख आयोजन शामिल हैं। कार्यक्रम की सफलता के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी आयोजन स्थल का जायजा ले रहे हैं।
रोजगार, कृषि और लोन मेला होगा आकर्षण का केंद्र
रजत महोत्सव के तहत सूरजपुर में रोजगार मेला, कृषि मेला और लोन मेला का आयोजन भी किया जाएगा। इन मेलों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा, 25 लाख की लागत से निर्मित नया बस स्टैंड स्थित अटल परिसर का लोकार्पण भी इसी दिन प्रस्तावित है।
सूरजपुर में उत्साह का माहौल
मुख्यमंत्री के आगमन और रजत महोत्सव के आयोजन को लेकर सूरजपुर में उत्साह का माहौल है। जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे। यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ की प्रगति को प्रदर्शित करेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति प्रदान करेगा।