4.04 लाख दीपों से रोशन होगा सूरजपुर, 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान का आगाज
शाम 7 बजे घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, रंगमंच में 11 हजार दीपों के साथ होगा जिला स्तरीय आयोजन; एक माह तक चलेंगी जनजागरूकता और सामाजिक सरोकार की गतिविधियां
सूरजपुर, 16 सितंबर 2026। सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को होगा। अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। सूरजपुर जिले में इसे व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महीनेभर विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी, जनसेवा और नागरिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। 17 सितंबर की शाम 7 बजे जिलेभर में 4 लाख 4 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। सूरजपुर विकासखंड के रंगमंच में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 11 हजार दीप जलाकर सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाएं भी अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर इस पहल का हिस्सा बनेंगी।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि अभियान की गतिविधियों में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसे महज औपचारिक आयोजन न बनाकर जनसेवा, जागरूकता और नागरिक दायित्वों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
छह विकासखंडों में इतने दीप होंगे प्रज्ज्वलित
अभियान के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले ने बताया कि जिले में कुल 4 लाख 4 हजार ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे। इनमें सूरजपुर विकासखंड में 1 लाख 12 हजार, प्रतापपुर में 1 लाख 11 हजार, भैयाथान में 50 हजार, ओड़गी में 50 हजार, रामानुजनगर में 45 हजार तथा प्रेमनगर में 25 हजार दीप शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि महीनेभर चलने वाले आयोजनों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की रूपरेखा तैयार की गई है। घरों में प्रज्ज्वलित होने वाला दीप अभियान की शुरुआत का प्रतीक बनेगा, जबकि आगामी कार्यक्रमों के जरिए समाज और राष्ट्र के प्रति नागरिक जिम्मेदारियों का संदेश पहुंचाया जाएगा।
सड़क सुरक्षा से नशामुक्ति तक होंगे आयोजन
एक माह के दौरान जिले में अलग-अलग विषयों पर विविध कार्यक्रम होंगे। इनमें पिछले 25 वर्षों के बदलाव और उपलब्धियों पर आधारित सफलता की कहानियां, सड़क सुरक्षा सप्ताह, बाइक रैली, रक्तदान शिविर, नशामुक्ति अभियान, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, स्कूली विद्यार्थियों के भाषण, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताएं, पौधरोपण तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियां प्रमुख हैं।
इन आयोजनों में युवा, महिलाएं, विद्यार्थी, बच्चे, स्व-सहायता समूह, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक सहभागी बनेंगे। अभियान का उद्देश्य विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक चेतना को बढ़ावा देना और लोगों को जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।