त्योहारों से पहले सूरजपुर पुलिस का शिकंजा, निगरानी और गुण्डा बदमाशों के ठिकानों पर दबिश
सूरजपुर। त्योहार खुशियों और आपसी भाईचारे का अवसर होते हैं, लेकिन ऐसे समय में शांति भंग करने वाले तत्वों पर पुलिस की नजर और भी कड़ी हो जाती है। जिले में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सूरजपुर पुलिस ने निगरानी और गुण्डा बदमाशों की गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है।
पुलिस अधीक्षक आईपीएस योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर पिछले दो दिनों से जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अभियान चलाया। थाना-चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में जवानों ने निगरानी एवं गुण्डा बदमाशों के घरों के साथ ही उनके संभावित ठिकानों पर पहुंचकर उनकी मौजूदगी और वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के आवागमन, रहन-सहन और गुजर-बसर के साधनों के संबंध में भी पूछताछ की। साथ ही उन्हें साफ शब्दों में समझाया गया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल होने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों की खुशियां किसी की गैरजिम्मेदाराना हरकत से प्रभावित न हों, इसके लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ मैदान में है। संवेदनशील क्षेत्रों और ऐसे लोगों पर विशेष निगाह रखी जा रही है, जिनकी गतिविधियां शांति व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती हैं।
उन्होंने निगरानी एवं गुण्डा बदमाशों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अपराध से दूरी बनाए रखें और कानून का पालन करें, अन्यथा वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की यह मुहिम त्योहारों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर लगातार नजर रखी जाएगी।