किसानों को राहत: धान खरीदी केंद्रों की लिमिट बढ़ी ,विधायक भूलन सिंह मरावी और भाजपा जिलाध्यक्ष सोनी की पहल से प्रशासन हरकत में
सूरजपुर । जिले के किसानों को धान बिक्री में आ रही बड़ी परेशानी से आखिरकार राहत मिल गई है। लंबे समय से धान खरीदी केंद्रों की लिमिट नहीं बढ़ने के कारण किसान परेशान थे, लेकिन प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की संयुक्त पहल रंग ले आई। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए जिले के धान खरीदी केंद्रों की लिमिट बढ़ा दी है।धान खरीदी केंद्रों में सीमित क्षमता के चलते किसान समय पर अपना धान नहीं बेच पा रहे थे। इससे केंद्रों पर अव्यवस्था बढ़ रही थी और किसानों में असंतोष गहराता जा रहा था। किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक भूलन सिंह मरावी ने खरीदी केंद्रों का लगातार दौरा किया और किसानों से सीधा संवाद कर उनकी परेशानियों को जाना। इसके बाद उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान विभागीय मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री से मुलाकात कर लिमिट बढ़ाने की मांग मजबूती से रखी।विधायक की मांग पर प्रभारी मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर को धान खरीदी केंद्रों की लिमिट बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने भी कलेक्टर और प्रभारी मंत्री से मोबाइल पर संपर्क कर किसानों की समस्या से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान का आग्रह किया।इनके संयुक्त प्रयासों के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संबंधित धान खरीदी केंद्रों की लिमिट बढ़ा दी। इसके बाद खरीदी प्रक्रिया में गति आई और अब किसान बिना बाधा के अपना धान बेच पा रहे हैं।लिमिट बढ़ने से जिले के किसानों में संतोष का माहौल है। किसानों ने प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और संवेदनशीलता के कारण उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान संभव हो सका।