जन्मदिन को सेवा दिवस बनाकर सीतापुर CHC में रक्तदान, मरीजों के बीच पहुंचे विधायक

जन्मदिन को सेवा दिवस बनाकर सीतापुर CHC में रक्तदान, मरीजों के बीच पहुंचे विधायक
जन्मदिन को सेवा दिवस बनाकर सीतापुर CHC में रक्तदान, मरीजों के बीच पहुंचे विधायक

सीतापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवा और संवेदना से जुड़ी पहल देखने को मिली। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान शिविर में भाग लेकर जरूरतमंदों के लिए रक्त उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी में अपना योगदान दिया।

इसी क्रम में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने उपचाराधीन मरीजों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और फल वितरित किए। बीमारी से जूझ रहे लोगों के बीच पहुंचकर विधायक ने उनके साथ आए परिजनों से भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।

विधायक ने शिशु वार्ड का निरीक्षण करते हुए वहां मौजूद सुविधाओं और बच्चों को मिल रही चिकित्सकीय सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में चल रहे रक्तदान शिविर का जायजा लेकर युवाओं के इस प्रयास की सराहना की।

जन्मदिन के अवसर पर आयोजित यह सेवा गतिविधि केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच अपनत्व का भाव भी नजर आया। रक्तदान करने वाले युवाओं ने अपने रक्त की कुछ बूंदें देकर अनजान जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद की एक नई किरण जोड़ने का संदेश दिया।