जमीन कब्जे की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो सख्त, जांच के दिए निर्देश:जनसुनवाई में पहुंचा मामला, अधिकारी-कर्मचारी की भूमिका सामने आई तो दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश
सीतापुर। जमीन केवल मिट्टी का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि किसी परिवार की वर्षों की मेहनत, उम्मीद और भविष्य से जुड़ी संपत्ति होती है। ऐसे में भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत सामने आने पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया।विधायक की जनसुनवाई में क्षेत्र के एक व्यक्ति ने जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किए जाने की शिकायत रखी। शिकायत सुनने के बाद विधायक ने तत्काल संबंधित विभाग के अधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी विभागीय अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका अवैध कब्जा कराने अथवा इसमें सहयोग करने के रूप में सामने आती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी और दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि भूमि संबंधी मामलों में मनमानी और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। यदि इस तरह के मामलों को समय रहते नहीं रोका गया, तो आने वाले दिनों में गांव से लेकर नगर तक आम लोगों के बीच भूमि विवाद बढ़ सकते हैं। इसका खामियाजा न केवल प्रभावित परिवारों को भुगतना पड़ेगा, बल्कि अवैध रूप से जमीन पर काबिज व्यक्ति भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत की निष्पक्षता से जांच हो और वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद नियमानुसार कदम उठाया जाए। जनसुनवाई के माध्यम से आम लोगों की समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।