जिले की प्रथम आवासीय कॉलोनी 'अटल विहार योजना' का ग्राम पर्री में भूमिपूजन:अब सपनों को भी मिलेगा अपना स्थायी पता…
सूरजपुर। जिले के विकास इतिहास में रविवार का दिन एक नई इबारत लिख गया, जब ग्राम पर्री की पावन धरती पर जिले की प्रथम आधुनिक आवासीय कॉलोनी 'अटल विहार योजना' का विधिवत भूमिपूजन सम्पन्न हुआ। वर्षों से अपने आशियाने का सपना संजोए हजारों परिवारों के लिए यह अवसर किसी उत्सव से कम नहीं रहा। मिट्टी की सौंधी खुशबू, मंत्रोच्चार की गूंज और जनसमूह की उम्मीदों के बीच विकास की एक नई नींव रखी गई।छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल द्वारा लगभग 37 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से तैयार होने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना का भूमिपूजन महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने की।इस अवसर पर प्रेमनगर विधायक भुलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रमणी पैंकरा, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हर वर्ग के लिए 'अपने घर' का सपना होगा साकार
मुख्य अतिथि मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि अटल विहार योजना केवल भवन निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आम लोगों के सपनों को सम्मान देने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि पहली बार सूरजपुर जिले में ऐसी आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त कॉलोनी विकसित की जा रही है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से लेकर उच्च आय वर्ग तक हर परिवार के लिए किफायती दरों पर घर उपलब्ध होंगे।उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि यह योजना उनके हर परिवार को सम्मानजनक आवास के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने हेतु प्रतिबद्ध है।
सूरजपुर के शहरी विकास में जुड़ेगा नया अध्याय
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि अटल विहार योजना सूरजपुर के आवासीय विकास का नया चेहरा बनेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।वहीं प्रेमनगर विधायक भुलन सिंह मरावी ने कहा कि यह योजना केवल मकान नहीं बनाएगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार, व्यवसाय और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगी। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की।
'सपनों की बस्ती' बनेगी आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण
कलेक्टर आईएएस श्रीमती रेना जमील ने कहा कि अटल विहार योजना सूरजपुर के शहरी विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि कॉलोनी में सड़क, पेयजल, विद्युत, सीवरेज सहित सभी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएंगी।उन्होंने कहा कि यह कॉलोनी केवल भवनों का समूह नहीं, बल्कि आने वाले समय में एक व्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक जीवनशैली का केंद्र बनेगी।
एक नज़र योजना की प्रमुख विशेषताओं पर
कुल भूमि क्षेत्र : लगभग 10 एकड़
प्रस्तावित भवन : 185 आधुनिक आवास
10 एच.आई.जी. भवन
47 एम.आई.जी. भवन
60 एल.आई.जी. भवन
68 ई.डब्ल्यू.एस. भवन
भवनों की अनुमानित कीमत :
ई.डब्ल्यू.एस. : ₹ 9.46 लाख
एल.आई.जी. : ₹ 19.69 लाख
एम.आई.जी. : ₹ 30.99 लाख
एच.आई.जी. : ₹ 58.99 लाख
बहरहाल योजना को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है तथा लगभग 70 प्रतिशत भवनों का पंजीयन पूर्ण हो चुका है।
ईंटों से नहीं, उम्मीदों से बसाई जाएगी यह कॉलोनी…
आपकों बताते चलें कि ग्राम पर्री में शुरू हुई यह महत्वाकांक्षी योजना अब केवल सरकारी परियोजना नहीं रह गई है, बल्कि उन परिवारों की उम्मीद बन चुकी है जो वर्षों से अपने छोटे से आशियाने का सपना आंखों में संजोए बैठे थे।इसके साथ ही अटल विहार योजना आने वाले समय में सूरजपुर की पहचान और विकास की नई तस्वीर बनकर उभरेगी।