पुरानी रंजिश में लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हत्या, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
अम्बिकापुर, 29 जुलाई 2025। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी चिंटू राम प्रजापति को मात्र कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से मदन सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजपुरीकला निवासी मनमोहन सिंह ने लखनपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उनके रिश्ते के भांजे मदन सिंह, जो कंदरई नेवारडॉड़ का निवासी था, की 28 जुलाई 2025 की रात ग्राम रजपुरीकला में मारपिट कर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मदन सिंह 28 जुलाई की रात अपने दोस्तों के साथ घूम रहा था। रात करीब 8-9 बजे पुरानी रंजिश को लेकर चिंटू राम प्रजापति से उसका विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि चिंटू ने पहले लाठी-डंडे से और बाद में धारदार हथियार से मदन पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। अगले दिन सुबह मैदान का शव खेत में मिला।
सरगुजा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा, आईपीएस राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर लखनपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, शव की जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर चिंटू राम प्रजापति को चिन्हित किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और बताया कि उसने पुरानी रंजिश के चलते यह जघन्य अपराध किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा और धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया
लखनपुर पुलिस ने चिंटू राम प्रजापति (30 वर्ष, निवासी रजपुरीकला पखनापारा) को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक सिदीयुस लकड़ा, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, पीताम्बर सिंह, आरक्षक जगेश्वर बघेल और राज जायसवाल की भूमिका सराहनीय रही।