बलरामपुर में ईडी की दस्तक से प्रशासनिक हलचल, अपर कलेक्टर से सर्किट हाउस में पूछताछ की चर्चा
बलरामपुर। जिले में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम के पहुंचने की खबर से प्रशासनिक गलियारों में अचानक हलचल तेज हो गई। दिनभर अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा। सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम ने एक अधिकारी से सर्किट हाउस में पूछताछ शुरू की है।बताया जा रहा है कि अधिकारी से बंद कमरे में पूछताछ की जा रही है। सूत्रों की माने तो हिरासत में लिए गए अधिकारी का नाम चेतन बोरघारिया, अपर कलेक्टर बता रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।ईडी की कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। टीम द्वारा अधिकारी से पूछताछ के साथ कुछ दस्तावेजों और संबंधित मामलों की जानकारी जुटाए जाने की बात भी सामने आ रही है। सर्किट हाउस के आसपास भी दिनभर लोगों की आवाजाही और कार्रवाई को लेकर उत्सुकता बनी रही।कार्रवाई की खबर फैलते ही प्रशासनिक से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। हर कोई कार्रवाई के पीछे की वजह जानने को उत्सुक नजर आया, लेकिन आधिकारिक जानकारी के अभाव में फिलहाल तस्वीर धुंधली बनी हुई है।ईडी की टीम की कार्रवाई जारी बताई जा रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पूछताछ पूरी होने के बाद जांच एजेंसी की ओर से क्या जानकारी सामने आती है। आधिकारिक बयान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई की असल वजह क्या है और मामले में आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।