दूर की खरीदी से मिली राहत, अब गांव में ही बिकेगा किसानों का धान:मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयास से बुंदिया और बड़सरा में नए धान उपार्जन केंद्र स्वीकृत

दूर की खरीदी से मिली राहत, अब गांव में ही बिकेगा किसानों का धान:मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयास से बुंदिया और बड़सरा में नए धान उपार्जन केंद्र स्वीकृत

सूरजपुर/भटगांव, 1 सितंबर। खेत में पसीना बहाकर अन्न उगाने वाले किसानों के लिए अब अपनी उपज बेचने की राह कुछ आसान होगी। भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बुंदिया और बड़सरा में नए धान उपार्जन केंद्र खोलने की प्रशासनिक स्वीकृति शासन ने दे दी है। इससे किसानों को दूर के खरीदी केंद्रों तक धान पहुंचाने की परेशानी और अतिरिक्त परिवहन खर्च से राहत मिलेगी।क्षेत्र भ्रमण के दौरान किसानों और ग्रामीणों ने महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के सामने अपनी परेशानी रखी थी। किसानों का कहना था कि दूर स्थित केंद्रों तक धान ले जाने में ट्रैक्टर भाड़े के साथ समय और श्रम भी अधिक लगता है। किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल को पत्र लिखकर दोनों गांवों में नए उपार्जन केंद्र खोलने का आग्रह किया था।मंत्री के प्रयासों के बाद खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 और आगामी वर्षों के लिए दोनों केंद्रों को मंजूरी दे दी है।बुंदिया में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बतरा और बड़सरा में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित शिवप्रसादनगर के अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र संचालित होंगे।

अब धान बेचने के लिए नहीं तय करनी होगी लंबी दूरी

नए केंद्र शुरू होने से किसानों को धान बेचने के लिए दूर-दराज के खरीदी केंद्रों तक ट्रैक्टर लेकर जाने की जरूरत नहीं होगी। परिवहन खर्च घटेगा, समय बचेगा और धान की तुलाई व उपार्जन की प्रक्रिया गांव के करीब ही पूरी हो सकेगी।किसानों के लिए यह महज दो नए केंद्र खुलने की खबर नहीं, बल्कि अपनी मेहनत की उपज को घर के करीब बेच पाने की सुविधा है। वर्षों से चली आ रही मांग पूरी होने पर क्षेत्र के किसानों में खुशी है। किसानों ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस फैसले से धान बेचने की उनकी बड़ी परेशानी दूर होगी।