भालू के हमले से महिला घायल, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र यादव ने की मुआवजे की मांग
सूरजपुर, 26 जुलाई 2025। जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत पहाड़गांव से सामने आया है, जहां एक भालू के हमले में समुद्रीबाई नामक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद घायल महिला को तत्काल अंबिकापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज हुआ है।जानकारी के अनुसार, समुद्रीबाई पर यह हमला कुछ दिन पहले हुआ, जब वह अपने गांव के आसपास के क्षेत्र में थी। भालू के अचानक हमले से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनकी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सूरजपुर वन मंडल के डीएफओ से फोन पर बात कर घायल महिला के लिए उचित मुआवजे की मांग की है। बहरहाल जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र यादव ने कहा, मानव-वन्यजीव संघर्ष के मामले जिले में लगातार बढ़ रहे हैं। प्रशासन और वन विभाग को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है। साथ ही, पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा प्रदान किया जाना चाहिए। वहीं स्थानीय लोगों ने वन्यजीवों के बढ़ते हमलों को लेकर चिंता जताई है और वन विभाग से जंगल के आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।यह घटना जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर स्थिति को उजागर करती है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीवों का आवागमन बढ़ने से ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं। फिलहाल, समुद्रीबाई की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन और वन विभाग के सामने मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने की चुनौती खड़ी कर दी है।