मन की बात से मिली प्रेरणा: मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े बोलीं- योजनाओं को घर-घर पहुंचाना लक्ष्य
सूरजपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 126वें संस्करण ने आज छत्तीसगढ़ में उत्साह का संचार किया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बीरपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और आमजन के साथ इसे सुना।प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के उल्लास को रेखांकित किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष और स्वयंसेवकों के राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की। साथ ही, असम के लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग के निधन पर शोक जताया और गांधी जयंती पर खादी खरीदने व महर्षि वाल्मीकि जयंती पर उनके योगदान को याद करने का आह्वान किया।मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा, मन की बात हमें संस्कृति, परंपरा और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है। यह कार्यक्रम हर वर्ग को प्रधानमंत्री से जोड़ता है। पीएम मोदी और सीएम विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने जनसेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।