शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, धमकी और मारपीट: गांधीनगर पुलिस ने आरोपी किया गिरफ्तार
अम्बिकापुर। शादी का वादा कर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी कुंदन कुमार सिंह को गांधीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। बिहार के औरंगाबाद जिले के पेटारी, थाना जमहोर निवासी कुंदन ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, शादी से इनकार करने पर उसने पीड़िता को गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस की तेजी से की गई कार्रवाई ने शहर में महिला सुरक्षा के प्रति भरोसा जगाया है। उक्ताशय पर प्राप्त जानकारी अनुसार पीड़िता ने 17 जुलाई 2025 को थाना गांधीनगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि कुंदन ने शादी का वादा कर उसका विश्वास जीता, लेकिन बाद में उसकी मंशा उजागर हुई। उसने न केवल दुष्कर्म किया, बल्कि शादी से इनकार करते हुए गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 (दुष्कर्म), 296 (अश्लील कृत्य), 115(2) (जानबूझकर चोट), 351(3) (आपराधिक धमकी) और एसटी/एससी एक्ट की धारा 3(2)(v), 3(1)(w-ii) के तहत अपराध दर्ज किया गया।विवेचना के दौरान गांधीनगर पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कुंदन कुमार सिंह, पिता प्रमोद सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी पेटारी, थाना जमहोर, नवी नगर, जिला औरंगाबाद, बिहार को खोज निकाला। पूछताछ में कुंदन ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पर्याप्त सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में कदम बढ़ाया, बल्कि महिला अपराधों के खिलाफ सख्त रुख को भी रेखांकित किया। बहरहाल इस मामले में उप पुलिस अधीक्षक कुमारी चंद्राकर के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक रश्मि सिंह, महिला आरक्षक तेजश्वरी और आरक्षक प्रवीण खलखो की टीम ने अहम भूमिका निभाई। उनकी सक्रियता और समन्वित प्रयासों से यह कार्रवाई सफल रही।