स्वच्छ विद्यालय, स्वस्थ बच्चे और खेलों से जुड़ता बचपन, पीएम श्री सेजस ओड़गी में बैंगलेश डे पर हुईं विविध गतिविधियां

स्वच्छ विद्यालय, स्वस्थ बच्चे और खेलों से जुड़ता बचपन, पीएम श्री सेजस ओड़गी में बैंगलेश डे पर हुईं विविध गतिविधियां

ओड़गी। शनिवार को पीएम श्री सेजस विद्यालय ओड़गी में बैंगलेश डे बच्चों के लिए सीख, मनोरंजन और जागरूकता से भरा रहा। विद्यालय में खेलकूद, न्यौता भोजन, बाल फिल्म प्रदर्शन, स्वच्छता अभियान सहित सरगुजा ओलम्पिक के पंजीयन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों के साथ समय बिताकर न केवल विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि उन्हें स्वच्छता और नियमित विद्यालय आने का महत्व भी समझाया।

जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा) सूरजपुर मनोज कुमार साहू, सहायक संचालक (शिक्षा) अजय सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी ओड़गी मोतीलाल राजवाड़े तथा संकुल समन्वयक कुंजलाल यादव ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शाला परिसर की साफ-सफाई, प्लास्टिक कचरे के निपटान, किचन शेड, पेयजल व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन कक्ष, कक्षों की स्वच्छता और शाला सुरक्षा व्यवस्था को करीब से देखा।

निरीक्षण के दौरान बच्चों से बातचीत करते हुए अधिकारियों ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र भी है। इसलिए स्कूल को स्वच्छ रखना भी हर बच्चे की जिम्मेदारी है। उन्होंने समझाया कि परिसर के आसपास जमा गंदगी से मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, जिसे थोड़ी सावधानी और नियमित सफाई से काफी हद तक रोका जा सकता है।

बच्चों को नियमित रूप से डस्टबिन का इस्तेमाल करने, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने, स्वच्छ पेयजल पीने तथा मध्यान्ह भोजन तैयार करते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान निरीक्षण दल ने विद्यालय में चल रहे बाल फिल्म प्रदर्शन का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने बच्चों और शिक्षकों के साथ बैठकर बाल फिल्म देखी। कक्षा के माहौल से अलग इस गतिविधि ने बच्चों के चेहरों पर उत्सुकता और खुशी दिखाई दी। सीखने की प्रक्रिया में मनोरंजन को जोड़ने वाली इस पहल को अधिकारियों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।

निरीक्षण के अंत में विद्यालय की कुछ कमियों को चिन्हित करते हुए प्राचार्य को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सरगुजा ओलम्पिक में विद्यालय के सभी पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

बैंगलेश डे का यह आयोजन बच्चों को किताबों से आगे जीवन की छोटी-छोटी जिम्मेदारियों से जोड़ने वाला रहा। स्वच्छता की आदत, स्वस्थ रहने की समझ, खेलों के प्रति उत्साह और सामूहिक गतिविधियों में भागीदारी, यही वे छोटे कदम हैं जो बच्चों के भीतर जिम्मेदार नागरिक बनने की नींव मजबूत करते हैं।