दर्रीपारा में जानलेवा हमले का मामला, चार आरोपी गिरफ्तार:बुलेट मोटरसाइकिल जब्त, फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
अम्बिकापुर। दर्रीपारा में एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने के मामले में मणीपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस टीम द्वारा की जा रही है।पुलिस के अनुसार, दर्रीपारा निवासी गुरप्रीत सिंह सिद्धू ने 30 अगस्त को मणीपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 29 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे साहिल साहू, राजा साहू सहित कुछ अन्य लोग उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर हमला कर दिया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं। इस दौरान जब उसकी पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट की गई।घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने साहिल साहू, सुनील साहू, अनिल कुमार चटर्जी उर्फ संजू, आयुष सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 151/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी सहित प्रत्यक्षदर्शियों व अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दर्रीपारा निवासी साहिल साहू (22), आयुष बरला (19), सुनील साहू (47) और अनिल कुमार चटर्जी उर्फ संजू (55) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में मणीपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नरीता सोरी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शशिकांत ठाकुर, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, राकेश मिश्रा, अनिल सिंह, महिला प्रधान आरक्षक मालती तिवारी, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, रजनीकांत मिश्रा, नरेन्द्र जांगड़े, आरक्षक मनीष सिंह, अशोक यादव, अमन पुरी, रमेश राजवाड़े, उमाशंकर साहू, अतुल सिंह, रामाशंकर यादव, अनिल सिंह, निरंजन बड़ा, रामकेश्वर, अनिल परिहार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की भूमिका रही।