बंजा से तिरुपति तक संस्कारों की गूंज, प्रियांशु तिवारी को मिली वैदिक सेवा की जिम्मेदारी
श्री शिव परशुराम मंदिर में अब प्रतिदिन गूंजेंगे वेद मंत्र, आज शाम 6 बजे होगा शुभारंभ
सूरजपुर। किसी गांव की पहचान केवल उसकी गलियों और खेत-खलिहानों से नहीं होती, वहां से निकलकर अपनी प्रतिभा और संस्कारों से नई पहचान बनाने वाले लोगों से भी होती है। ग्राम बंजा के लिए ऐसा ही गौरवपूर्ण अवसर आया है। भैयाथान विकासखंड के ग्राम पंचायत बंजा निवासी पंडित प्रियांशु तिवारी, पिता श्री संतोष तिवारी, को तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने सूरजपुर स्थित श्री शिव परशुराम मंदिर में वेद पारायण की जिम्मेदारी सौंपी है।अब मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह और शाम दो-दो घंटे वैदिक पाठ होगा। पंडित प्रियांशु तिवारी द्वारा किए जाने वाले मंत्रोच्चार से श्रद्धालुओं को वैदिक परंपरा के सान्निध्य का अनुभव मिलेगा। धार्मिक अनुष्ठान के साथ यह पहल हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा को जीवंत रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
आज से शुरू होगा वेद पारायण
श्री शिव परशुराम मंदिर में इस धार्मिक सेवा का विधिवत आगाज बुधवार 16 सितंबर को शाम 6 बजे होगा। शुभारंभ अवसर पर वैदिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है।बंजा गांव के लिए यह क्षण इसलिए भी खास है, क्योंकि गांव की धरती पर पले-बढ़े एक युवा पुरोहित को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया है। उनकी उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ ग्रामीणों में भी खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि जब प्रियांशु के कंठ से मंदिर में वेद ऋचाएं स्वर पाएंगी, तो वह पूरे गांव के लिए आत्मगौरव का अनुभव होगा।क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने पंडित प्रियांशु तिवारी को इस नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उनके सफल धार्मिक सेवाकाल की कामना की है।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से बुधवार शाम 6 बजे श्री शिव परशुराम मंदिर पहुंचकर इस शुभ अवसर में सहभागी बनने की अपील की है।