महतारी वंदन ने बढ़ाई रक्षाबंधन की मिठास, उषा पांडे अब भाई के लिए खरीदेंगी राखी और उपहार

महतारी वंदन ने बढ़ाई रक्षाबंधन की मिठास, उषा पांडे अब भाई के लिए खरीदेंगी राखी और उपहार

सूरजपुर। रक्षाबंधन का त्योहार वैसे तो हर भाई-बहन के लिए खास होता है, लेकिन इस बार सूरजपुर की उषा पांडे के लिए इसकी खुशी कुछ और ही है। भाई की कलाई पर राखी बांधने के साथ मिठाई खिलाने और अपनी ओर से छोटा-सा उपहार देने की उनकी इच्छा को महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त ने पूरा करने का सहारा दिया है। पर्व से ठीक पहले खाते में राशि पहुंची तो घर की जरूरतों के बीच त्योहार की खुशियों के लिए भी एक रास्ता खुल गया।

उषा पांडे बताती हैं कि रक्षाबंधन उनके लिए हमेशा से भावनाओं से जुड़ा पर्व रहा है। भाई के लिए राखी खरीदना, मिठाई ले जाना और अपनी ओर से कुछ भेंट करना उनकी भी इच्छा रहती थी, लेकिन सीमित आमदनी के बीच कई बार त्योहार की खुशियां जरूरतों के आगे छोटी पड़ जाती थीं। इस बार महतारी वंदन की राशि समय पर मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है।वह कहती हैं, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, हमारे विष्णु भैया ने रक्षाबंधन से पहले खाते में राशि डालकर हमारी खुशियां दोगुनी कर दी हैं।उषा ने बताया कि इस बार वह सबसे पहले अपने भाई के लिए राखी और मिठाई खरीदेंगी। इसके साथ ही अपनी ओर से एक उपहार भी देंगी। उनके लिए यह रकम सिर्फ खाते में आई आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि उस रिश्ते को अपनी क्षमता के अनुसार निभाने का अवसर है, जिसकी मिठास बचपन से उनके जीवन का हिस्सा रही है।

उषा का कहना है कि महतारी वंदन योजना की राशि से महिलाओं को रोजमर्रा की छोटी-बड़ी जरूरतें पूरी करने में सहारा मिल रहा है। उनके जैसे परिवारों में जब त्योहार के मौके पर यह राशि मिलती है तो उसका महत्व और बढ़ जाता है। घर के खर्चों के बीच अपने लोगों के लिए कुछ कर पाने की खुशी भी इसी सहारे से मिलती है।

उन्होंने महतारी वंदन योजना का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार जताया। उषा के चेहरे की खुशी में इस बात का सुकून साफ झलकता है कि इस रक्षाबंधन वह अपने भाई की कलाई पर राखी बांधते हुए सिर्फ एक धागा नहीं, बल्कि अपने स्नेह के साथ अपनी छोटी-सी खुशियां भी लेकर जाएंगी।