तीन साल से बदहाल NH-43, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से मांगा तत्काल समाधान
अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से दरिमा रोड तक सड़क की हालत सुधारने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
अम्बिकापुर। अम्बिकापुर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की खराब हालत का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और बारिश में जलभराव की समस्या को लेकर पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। उन्होंने सड़क के इस हिस्से का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। पत्र में श्री सिंहदेव ने अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से शहर होते हुए दरिमा रोड तक एनएच-43 की स्थिति का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा है कि कई जगह सड़क बुरी तरह टूट चुकी है और बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दिनों में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे आवागमन मुश्किल होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।श्री सिंहदेव ने अपने पत्र में कहा है कि इस सड़क की खराब स्थिति का खामियाजा क्षेत्र के लोगों को करीब तीन वर्षों से भुगतना पड़ रहा है। लगातार परेशानी के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश देने का आग्रह केंद्रीय मंत्री से किया है,पत्र में सड़क के साथ जल निकासी की व्यवस्था को भी जरूरी बताया गया है, ताकि बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा न हो और आवाजाही सुचारू बनी रहे।पूर्व मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई है कि केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप से अंबिकापुर के इस महत्वपूर्ण मार्ग के पुनर्निर्माण की दिशा में जल्द कार्रवाई होगी और लंबे समय से परेशान लोगों को राहत मिलेगी।