रात में खुद सड़कों पर उतरे कलेक्टर–डीआईजी, अचानक चेकिंग से पुलिस महकमे में हलचल

रात में खुद सड़कों पर उतरे कलेक्टर–डीआईजी, अचानक चेकिंग से पुलिस महकमे में हलचल

ड्यूटी में ढिलाई पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, जवानों का बढ़ाया हौसला

सूरजपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शनिवार देर रात कलेक्टर एस. जयवर्धन एवं डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने थाना विश्रामपुर व चौकी लटोरी क्षेत्र में अचानक रात्रि गश्त का निरीक्षण किया। इस औचक चेकिंग से पुलिस अमले में सतर्कता का माहौल देखा गया।निरीक्षण के दौरान डीआईजी/एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं जवानों की सक्रियता का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा अपराध व दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु निरंतर सक्रिय रहने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति, शिकायत या सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। रात्रि में सक्रिय पुलिसिंग से ही अपराध पर प्रभावी अंकुश और जनसुरक्षा संभव है। इस दौरान उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन किया, उनकी समस्याएं व सुझाव भी सुने और जिम्मेदारी व निष्ठा से कर्तव्य निभाने के लिए प्रेरित किया। कुलमिलाकर अचानक हुए इस निरीक्षण से न केवल पुलिसिंग की गुणवत्ता को मजबूती मिली, बल्कि आमजन में सुरक्षा का भरोसा भी और पुख्ता हुआ।