लखनपुर विकासखंड को रजत पदक: आकांक्षी कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन
अम्बिकापुर, 04 अगस्त 2025। नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्पूर्णता सम्मान समारोह में सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड ने रजत पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. स्वेच्छा सिंह ने कलेक्टर विलास भोसकर के प्रतिनिधि के रूप में यह पुरस्कार ग्रहण किया।लखनपुर की टीम को विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने जमीनी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान किए। सम्मानित कर्मियों में स्वास्थ्य विभाग की एएनएम धनेश्वरी मानिकपुरी, बीपीएम साधना लकड़ा, महिला एवं बाल विकास की सुपरवाइजर रत्ना सरकार, कृषि विभाग की आरईओ प्रेमा बेक, एनआरएलएम की एरिया कोऑर्डिनेटर रूही परवीन और एबीएफ शुभिता शुक्ला शामिल रहीं।जुलाई-सितंबर 2024 में चले सम्पूर्णता अभियान में लखनपुर ने छह में से पाँच सूचकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की। यह उपलब्धि बेहतर योजना क्रियान्वयन और टीम भावना का परिणाम है। कलेक्टर भोसकर ने टीम को बधाई देते हुए शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रोत्साहित किया।