सड़क सुरक्षा पर सख्ती: लापरवाही अब नहीं होगी बर्दाश्त - सांसद चिंतामणी महाराज
सांसद चिंतामणी महाराज की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न,भटगांव विधायक प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े बोले -हर दुर्घटना किसी परिवार की दुनिया उजाड़ देती है
सूरजपुर।जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर गंभीरता दिखाते हुए जिला सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक सांसद चिंतामणी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एस. जयवर्धन, पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, विधायक प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े,नगर पालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक की शुरुआत जिले में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की प्रगति की समीक्षा से हुई। सांसद ने संबंधित विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और इसे शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में राहत मिल सके। कुलमिलाकर बैठक संदेश साफ है - सड़क पर लापरवाही अब भारी पड़ेगी।जागरूकता, सख्ती और समन्वय के जरिए ही जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
सुरक्षा से समझौता नहीं-सांसद चिंतामणी महाराज
सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे लोग सिर्फ कानून नहीं तोड़ते, बल्कि किसी मासूम की जिंदगी भी छीन सकते हैं।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जागरूकता अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाए, ताकि लोग नियमों को बोझ नहीं बल्कि सुरक्षा कवच समझें।
ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधार के निर्देश
बैठक में जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर शीघ्र सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की मरम्मत तथा नए निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर एस. जयवर्धन ने बताया कि विभिन्न विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। संकेतक बोर्डों की स्थापना, सड़क मरम्मत और ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि आमजन की सहभागिता के बिना दुर्घटनाओं में कमी संभव नहीं है।पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने जानकारी दी कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमित चालानी कार्रवाई की जा रही है। नशा कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाया जाएगा।
हर हादसा किसी घर की खुशियां छीन लेता है-विधायक प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े
बैठक में उपस्थित भटगांव विधायक प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े ने कहा कि सड़क दुर्घटना केवल एक खबर नहीं होती, बल्कि किसी परिवार की दुनिया उजाड़ देने वाली त्रासदी होती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मिलकर ही इस चुनौती से लड़ सकते हैं।उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी, अवैध परिवहन पर नियंत्रण तथा तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी रखी।
समयबद्ध लक्ष्य, ठोस कार्रवाई
बैठक के अंत में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि सड़क सुरक्षा से संबंधित निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस व प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इनकी भी रही मौजूदगी
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े, सूरजपुर जनपद अध्यक्ष श्रीमती स्वाति संत सिंह, फुलेश्वर प्रसाद सिरदार, गुलाब सिंह, श्रीमती सुलोचनी पैकरा, श्रीमती सुकमनिया, राजेश्वर तिवारी, संजय गुप्ता, श्रीमती विनिता सिंह, शिवप्रसाद सिंह, जिला पंचायत सदस्यगण, जनपद सदस्यगण, सरपंचगण व अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।