साइबर ठगी में एक और गिरफ्तार, म्यूल एकाउंट के जरिए 12 लाख से अधिक की ठगी का खुलासा
अम्बिकापुर। साइबर ठगी के एक मामले में कोतवाली पुलिस ने म्यूल एकाउंट प्रदान करने वाले मुख्य आरोपी फरीद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने ठगी की रकम को विभिन्न बैंक खातों के जरिए हेरफेर किया, जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों से 12 लाख रुपये से अधिक की ठगी सामने आई। उक्ताशय पर प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस को भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई। जांच में पाया गया कि म्यूल एकाउंट धारक प्रतीक कश्यप और फरीद अंसारी ने मिलकर साइबर ठगी की रकम को अपने खातों में ट्रांसफर किया। प्रतीक कश्यप को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। आरोपी फरीद अंसारी ने अल्ताफ हुसैन अंसारी को झांसे में लेकर उसका बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड हासिल किया। इसके बदले अल्ताफ को मात्र 2000 रुपये दिए गए। फरीद ने यह सामग्री प्रतीक कश्यप को बेच दी, जिसके खाते में 70 हजार रुपये की ठगी की रकम सहित कुल 12,12,000 रुपये की हेराफेरी सामने आई। बहरहाल इस कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, अभिषेक दुबे, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, सुधीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। फरीद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, और मामले की जांच जारी है।