17 सितंबर की शाम घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दिया’ :25 वर्षों की जनसेवा के सफर पर दीपों से व्यक्त होगा आभार, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने की सहभागिता की अपील

17 सितंबर की शाम घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दिया’ :25 वर्षों की जनसेवा के सफर पर दीपों से व्यक्त होगा आभार, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने की सहभागिता की अपील

सीतापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान देशभर में सेवा, जनसंपर्क, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध कार्यक्रम होंगे।

इसी कड़ी में अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगा। इस अवसर पर घर-घर दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति कृतज्ञता प्रकट की जाएगी। एक छोटे से दीपक की रोशनी में वर्षों की सेवा यात्रा के प्रति सम्मान और अपनेपन की भावना को अभिव्यक्ति देने का प्रयास होगा।

सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों से भी इस आयोजन में सहभागी बनने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि घर की देहरी पर जलने वाला यह दीप केवल प्रकाश का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के प्रति आभार व सहभागिता का प्रतीक बनेगा।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि 17 सितंबर की शाम ठीक 7 बजे अपने-अपने घरों में दीप जलाकर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का हिस्सा बनें और सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ को जनभागीदारी के साथ यादगार बनाएं।