23 ग्राम पंचायतों के लिए पोस्टमॉर्टम कक्ष की मांग तेज, 11 मार्च से बसदेई में अनिश्चितकालीन धरना
सूरजपुर। सरगुजा बचाओ संघर्ष समिति ने बसदेई चौकी अंतर्गत आने वाले 23 ग्राम पंचायतों के लिए नवीन पोस्टमॉर्टम कक्ष निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर सूरजपुर को ज्ञापन सौंपा है। समिति ने स्पष्ट किया है कि मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में 11 मार्च 2026 से बसदेई चौकी परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।ज्ञापन में बताया गया है कि बसदेई चौकी क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 23 ग्राम पंचायत आते हैं, जहां हजारों ग्रामीण निवास करते हैं। वर्तमान में क्षेत्र में पोस्टमॉर्टम कक्ष की व्यवस्था नहीं है। किसी भी अप्राकृतिक मृत्यु या दुर्घटना की स्थिति में मृतकों के परिजनों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल सूरजपुर मुख्यालय जाना पड़ता है। इससे उन्हें आर्थिक बोझ, समय की बर्बादी और मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ता है।समिति का कहना है कि यह स्थिति क्षेत्र में मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं की गंभीर कमी को दर्शाती है। पूर्व में भी ग्रामीणों, छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार शासन-प्रशासन को आवेदन देकर बसदेई में पोस्टमॉर्टम कक्ष निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश और निराशा बढ़ती जा रही है।इसी क्रम में आदिवासी युवा छात्र संगठन छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक पैकरा, योगेश (अमित) सिंह बंजा सरपंच और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में 11 मार्च 2026, बुधवार को दोपहर 12 बजे से बसदेई चौकी परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में प्रभावित ग्राम पंचायतों के ग्रामीण, छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे।समिति ने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र पोस्टमॉर्टम कक्ष निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो धरना प्रदर्शन के दौरान उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।