97 प्रतिशत अंकों के साथ मान्यता ने बढ़ाया सूरजपुर का मान, मेहनत और संस्कारों की चमकी मिसाल
सूरजपुर।कहते हैं कि सपनों को अगर मेहनत की धूप मिले, तो सफलता खुद रास्ता तलाश लेती है। यही सच साबित किया है डीएवी पब्लिक स्कूल विश्रामपुर की प्रतिभाशाली छात्रा मान्यता जायसवाल ने। सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12वीं परीक्षा 2025-26 में मान्यता ने 97 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस शानदार उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे सूरजपुर जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है।परिणाम घोषित होते ही परिवार में खुशी का माहौल छा गया। मान्यता के पिता मुकेश कुमार जायसवाल और माता नम्रता जायसवाल की आंखों में बेटी की सफलता को लेकर गर्व और भावुकता साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि मान्यता ने पूरे वर्ष अनुशासन, निरंतर अध्ययन और आत्मविश्वास के साथ मेहनत की, जिसका सुखद परिणाम आज सभी के सामने है।विद्यालय परिवार ने भी मान्यता की सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। शिक्षकों ने कहा कि मान्यता शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। उनकी यह उपलब्धि आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा की उजली मिसाल बनेगी।मान्यता की सफलता की खबर मिलते ही रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और मित्रों द्वारा बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। हर कोई उनकी मेहनत, लगन और विनम्र स्वभाव की सराहना कर रहा है। कुलमिलाकर एक साधारण परिवार की बेटी ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया कि सफलता किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, बल्कि सच्चे प्रयास और परिवार के विश्वास से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।